खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

राहुल गांधी के खिलाफ दलित समुदाय शुरू करेगा जूते मारो आंदोलन, आरक्षण पर दिए बयान से भड़के केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले

अमेरिका में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आरक्षण पर दिए बयान पर केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने आपत्ति जताई है. उन्होंने राहुल गांधी को आपत्तिजनक बयान नहीं देने की सलाह भी दी…

 

नईदिल्ली (ए)। केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने शुक्रवार (13 सितंबर 2024) को धर्मशाला में कहा कि दलित समुदाय और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया आरक्षण पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की टिप्पणी के खिलाफ देशव्यापी जूते मारो आंदोलन शुरू करेगी. हाल ही में अमेरिका के जॉर्जटाउन विश्वविद्यालय के छात्रों से बातचीत के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा था कि कांग्रेस तभी आरक्षण खत्म करने के बारे में सोचेगी, जब देश में सभी को समान अवसर मिलने लगेंगे और फिलहाल भारत में ऐसी स्थिति नहीं है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान के बारे में एक सवाल के जवाब में रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष आठवले ने कहा कि दलितों, अन्य पिछड़ वर्ग और आदिवासियों का आरक्षण कोई नहीं छीन सकता और कोई भी व्यक्ति ऐसा प्रयास करेगा तो उससे निपटा जाएगा. आठवले कृषि को सहकारी समितियों से जोड़ने, यूक्रेन और रूस, इजराइल और हमास के संदर्भ में युद्ध के हालात जारी रहने और भारत में आतंकवादी गतिविधियों में पाकिस्तान की संलिप्तता जैसे मुद्दों पर चर्चा करने के लिए विश्व सहकारी आर्थिक मंच द्वारा आयोजित सम्मेलन में भाग लेने के लिए धर्मशाला में थे।

केंद्रीय मंत्री आठवले ने कहा, ‘‘दलित समुदाय और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया आरक्षण पर टिप्पणी के लिए विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ देशव्यापी जूते मारो आंदोलन शुरू करेगी.’’ उन्होंने कहा, “राहुल  गांधी पर जूते फेंके जाने चाहिए. राहुल गांधी बेकार आदमी हैं. वह जब भी इंग्लैंड या अमेरिका जाते हैं, तो भारत के खिलाफ बातें करते हैं.’’ उन्होंने राहुल गांधी को सलाह दी कि वे आपत्तिजनक बयान नहीं दें।”

केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘यह कैसे संभव है कि देश में कोई लोकतंत्र नहीं है? अगर देश में कोई लोकतंत्र नहीं है तो राहुल गांधी कैसे 99 सीट प्राप्त करके नेता प्रतिपक्ष बन सकते हैं?’’ उन्होंने कहा, ‘‘लोगों ने हमें जनादेश दिया है और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) सरकार सभी को आगे ले जा रही है।’’

केंद्रीय मंत्री आठवले ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘राहुल गांधी ने एक बार फिर कांग्रेस का दलित विरोधी चेहरा देश के सामने ला दिया है. आरक्षण खत्म करने के बयान पर दलित, आदिवासी और पिछड़ा वर्ग राहुल गांधी को सबक सिखाएगा. पूज्य बाबा साहब आंबेडकर ने संविधान के जरिए जो आरक्षण दिया है, वह कभी खत्म नहीं होगा।’’

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button