पीएम मोदी ने सभी खिलाड़ियों से मिलकर उनसे बातचीत और उनका अनुभव जाना, इस अवसर पर केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर और खेल राज्य मंत्री निसिथ प्रमाणिक भी मौजूद थे…


नईदिल्ली (ए)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में भाग लेने वाले भारतीय खिलाड़ियों से मुलाकात की. पीएम मोदी ने सभी खिलाड़ियों से मिलकर उनसे बातचीत और उनका अनुभव जाना. इस अवसर पर केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर और खेल राज्य मंत्री निसिथ प्रमाणिक भी मौजूद थे। बता दें कि पीएम मोदी ने बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए रवाना होने से पहले सभी खिलाड़ियों से मिलने का वादा किया था। भारत ने कॉमनवेल्थ गेम्स में 22 गोल्ड, 16 सिल्वर और 23 ब्रॉन्ज समेत कुल 61 पदक अपने नाम किये और चौथे स्थान पर रहा।


पीएम मोदी ने भारतीय खिलाड़ियों से बात करते हुए कहा कि, ‘कॉमनवेल्थ गेम्स शुरू होने से पहले, मैंने आपसे कहा था और आपसे एक तरह से वादा किया था कि जब आप वापस आएंगे तो हम एक साथ ‘विजयोत्सव’ मनाएंगे. मुझे विश्वास था कि आप जीतकर वापस आएंगे, मैंने भी आपसे मिलने के बारे में सोचा था, भले ही मैं व्यस्त रहूंगा और विजयोत्सव मनाऊंगा।


पीएम मोदी ने कहा कि, ‘बीते कुछ हफ्तों में देश ने खेल के मैदान में दो बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं. कॉमनवेल्थ गेम्स में ऐतिहासिक प्रदर्शन के साथ-साथ देश ने पहली बार चेस ओलंपियाड का आयोजन किया है। आप सभी तो वहां मुकाबला कर रहे थे, लेकिन यहां करोड़ों भारतीय रात जग रहे थे. देर रात तक आपके हर एक्शन, हर मूव पर देशवासियों की नजर थी। बहुत से लोग अलार्म लगाकर सोते थे कि आपके प्रदर्शन का अपडेट लेंगे।
पीएम मोदी ने आगे कहा, ‘पिछली बार की तुलना में इस बार हमने चार नए खेलों में जीत के द्वार खोले। लॉन बॉल्स से लेकर एथलेटिक्स तक-अभूतपूर्व प्रदर्शन था. इससे युवाओं में नए खेलों के प्रति रुचि बढ़ेगी. हमें इन नए खेलों में अपने प्रदर्शन में और सुधार करना होगा।



