खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

विकसित भारत का निर्माण उत्तर प्रदेश के तेज विकास के बिना संभव नहीं है: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुलंदशहर के चोला में 19 हजार करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण किया। पीएम मोदी ने बुलंदशहर में कल्याण सिंह को याद किया। उन्होंने कहा कि अयोध्या को देखकर कल्याण सिंह प्रसन्न होंगे…

बुलंदशहर (ए)। प्रधानमंत्री मोदी उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ 19,100 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करने के लिए बुलंदशहर पहुंचे। यहां उन्होंने खुली गाड़ी में जनता का अभिवादन किया। बुलंदशहर में पीएम मोदी ने 19 हजार करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण किया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुलंदशहर में “फिर एक बार मोदी सरकार” का नारा लगाया।

बुलंदशहर में पीएम मोदी ने कहा कि विकसित भारत का निर्माण उत्तर प्रदेश के तेज विकास के बिना संभव नहीं है। आज बुलंदशहर में विकास कार्यों के शिलान्यास और लोकार्पण कार्यक्रम का हिस्सा बनकर काफी प्रसन्नता हो रही है। पीएम मोदी ने बुलंदशहर में दो स्टेशनों से मालगाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (डीएफसी) पर न्यू खुर्जा-न्यू रेवाड़ी के बीच 173 किलोमीटर लंबी डबल लाइन विद्युतीकृत खंड का शुभारंभ किया।

बुलंदशहर में पीएम मोदी ने कहा कि आपका ये प्यार और आपका ये विश्वास जीवन में इससे बड़ा सौभाग्य और क्या हो सकता है। मैं आपके प्यार के लिए अभिभूत हूं। 22 तारीख को अयोध्या धाम में प्रभु श्रीराम के दर्शन हुए और अब यहां जनता जनार्दन के दर्शन का सौभाग्य मिला है।

पीएम मोदी ने कहा कि आज पश्चिमी यूपी को विकास के लिए 19 हजार करोड़ रुपये से अधिक के प्रोजेक्ट्स भी मिले हैं। ये प्रोजेक्ट्स रेल लाइन, हाइवे, पेट्रोलियम पाइपलाइन, पानी, सीवेज, मेडिकल कॉलेज और औद्योगिक शहर से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि 2047 तक भारत को विकसित बनाना है। एक बड़ा हिस्सा विकास से वंचित रहा। यूपी के साथ पहले ठीक सलूक नहीं हुआ। आर्थिक विकास को नई गति मिली है।

पीएम मोदी ने बुलंदशहर में कल्याण सिंह को याद किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र ने देश को कल्याण जी जैसा सपूत दिया है, जिन्होंने रामकाज और राष्ट्रकाज दोनों के लिए अपना जीवन समर्पित किया। आज वो जहां हैं वो अयोध्या धाम को देखकर बहुत आनंदित हो रहे होंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि ये हमारा सौभाग्य है कि देश ने कल्याण सिंह और उनके जैसे अनेक लोगों का सपना पूरा किया है लेकिन अभी भी सशक्त राष्ट्र निर्माण का और सच्चे सामाजिक न्याय का उनका सपना पूरा करने के लिए हमें अपनी गति बढ़ानी है। इसके लिए हमें मिलकर काम करना है। अयोध्या में मैंने राम लला के सान्निध्य में कहा था कि राम लला की प्राण-प्रतिष्ठा का कार्य संपन्न हुआ अब राष्ट्र प्रतिष्ठा को नई ऊंचाई देने का समय है।

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्राण प्रतिष्ठा के बाद पीएम मोदी का यह पहला दौरा है। पूरी दुनिया ने अयोध्या का प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम देखा।

सीएम योगी ने कहा कि सरकारी योजानाओं का बिना भेदभाव लाभ दिया जा रहा है। विकसित भारत का संकल्प आगे बढ़ाना है। हमारे पास पीएम मोदी जैसा नेतृत्व है। इस बार 2019 से भी ज्यादा बहुमत की सरकार बनेगी। फिर एक बार मोदी सरकार। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि “मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद करता हूं कि इन्होंने पिछले तीन दिनों में दो महत्वपूर्ण निर्णय लिए। एक निर्णय था एक करोड़ घरों में रूफ टॉप सोलार के लिए नई योजना का शुभारंभ। दूसरा, सामाजिक न्याय के पुरोधा कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न देकर सामाजिक न्याय की इस लड़ाई में वंचितों, दबे-कुचले और दलितों को सम्मान देकर नई श्रृंख्ला को आगे खड़ा करना।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button