खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

विपक्ष पर सीएम योगी आदित्यनाथ का बड़ा हमला, कहा- खटाखट नहीं 2027 में सफाचट की तैयारी रखिए

सीएम योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा में सपा और कांग्रेस पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि 2027 के चुनाव में खटाखट करने वालों को हम सफाचट कर देंगे। इन लोगों ने संविधान बदलने की बात कहकर जनता को गुमराह किया है लेकिन, काठ की हांडी बार-बार नहीं चढ़ती है…

लखनऊ (ए)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्षी इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस (इंडिया) के घटक दलों समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर करारा तंज करते हुए गुरुवार को कहा कि वर्ष 2027 में होने वाले राज्य विधानसभा चुनाव में सपा ‘सफा चट’ होने जा रही है और सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस के ‘एक लाख रुपये के बॉण्ड’ का हिसाब मांगेगी। सीएम योगी ने विधानसभा में अनुपूरक बजट पर चर्चा का जवाब देते हुए सपा और कांग्रेस पर जमकर शब्दबाण छोड़े और पंचतंत्र की एक कथा का जिक्र करते हुए अगले चुनावों के संदर्भ में कहा कि ‘काठ की हंडिया’ बार-बार नहीं चढ़ेगी।

उन्होंने लोकसभा चुनाव में प्रचार के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा अपनी पार्टी के घोषणापत्र में महिलाओं और युवाओं को हर साल एक लाख रुपये की सहायता देने के वादे के लिये ‘खटाखट’ शब्द का इस्तेमाल किये जाने का जिक्र करते हुए कहा, ”चुनाव में खटाखट, खटाखट, खटाखट…एक लाख का वह बॉण्ड कहां गया?” मुख्यमंत्री ने सपा सदस्यों से मुखातिब होते हुए कहा, ”मैं कह सकता हूं कि खटाखट नहीं, 27 (2027 के विधानसभा चुनाव) में सफाचट की तैयारी रखिए। तब हम एक लाख के बॉण्ड का हिसाब मांगेंगे।”

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, ”यह काठ की हंडिया बार-बार नहीं चढ़ने वाली है। उसका समय पूरा हो गया है। मुझे लगता है कि समाजवादी पार्टी या कांग्रेस को यह गलतफहमी नहीं होनी चाहिए कि वह बार-बार खटाखट जैसी योजना के माध्यम से जनता को धोखा दे सकेगी।” उन्होंने सपा और कांग्रेस पर हमला जारी रखते हुए कहा, ”संविधान का गला घोंटने वाले लोग कहते थे कि मोदी जी तीसरी बार आएंगे तो संविधान समाप्त कर देंगे। मोदी जी तो 10 वर्षों से सत्ता में हैं। बाबा साहब भीमराव आंबेडकर का जितना सम्मान मोदी जी ने किया है उतना किसी और ने नहीं किया। उनके स्मारकों के तौर पर पंच तीर्थ का निर्माण किया।’

मुख्यमंत्री ने पंचतंत्र की चार ठगों वाली एक कहानी का जिक्र करते हुए कहा, ”बाबा साहब भीमराव आंबेडकर को हराने वाली कांग्रेस आज जनता को गुमराह करने में सफल हो गई। तभी मुझे पंचतंत्र की कथा याद आ गई। आरोप लगाया गया कि आरक्षण समाप्त कर दिया जाएगा। सपा के शासनकाल में जितनी भी नियुक्तियां हुई हैं उनमें अन्य पिछड़ा वर्ग को 27 प्रतिशत भी आरक्षण नहीं मिला है।” उन्होंने किसी का नाम लिए बिना कहा, ”पहले पिक एंड चूज होता था। क्या यह सच नहीं है? आज आप तहसीलों की बात कर रहे हैं। यहां पर भतीजा चाचा एंड कंपनी वसूली के लिए निकली थी और लेखपालों की तैनाती उसी आधार पर हुई थी। आज हमने 5500 लेखपालों को नियुक्ति दी है। एक भी जगह कोई उंगली नहीं उठा सकता।”

मुख्यमंत्री ने सपा सदस्यों से मुखातिब होते हुए कहा, ”आपको बुलडोजर से डर लगता है लेकिन यह निर्दोष के लिए नहीं है बल्कि उन अपराधियों के लिए है जो प्रदेश के नौजवानों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करते हैं, प्रदेश के व्यापारियों और बेटियों की सुरक्षा में सेंध लगाने का काम करते हैं। मैं यहां नौकरी करने के लिये नहीं आया हूं। मेरा दायित्व बनता है कि अगर कोई गड़बड़ी करेगा तो वह भुगतेगा भी। मैं अपना दायित्व मानता हूं कि हम लोग उससे लड़ेंगे। यह हमारी सामान्य लड़ाई नहीं है। यह प्रतिष्ठा की लड़ाई भी नहीं है। मुझे प्रतिष्ठा प्राप्त करनी होती तो उससे ज्यादा प्रतिष्ठा मुझे अपने मठ में मिल जाती है।”

सीएम योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ के गोमतीनगर में कुछ अराजक तत्वों द्वारा एक महिला को मोटरसाइकिल से खींचकर गिराये जाने की घटना का जिक्र करते हुए कहा, ”हम अपराधियों के लिए सद्भावना ट्रेन नहीं चलाएंगे…उनके लिए बुलेट ट्रेन चलेगी। उसकी तैयारी की जा रही है। महिला सुरक्षा हमारे लिए सर्वोच्च महत्व रखती है। कोई खिलवाड़ करेगा तो उसका खामियाजा भुगतेगा।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button