छत्तीसगढ़फीचर्ड

विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाएँ : कलेक्टर डॉ गौरव सिंह

रायपुर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (SIR) में जन सहयोग बढ़ाने के उद्देश्य से कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रायपुर डॉ. गौरव कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिले में कार्यरत विभिन्न गैर-सरकारी संगठनों (NGO) के साथ बैठक आयोजित की गई। अधिकारियों द्वारा NGO प्रतिनिधियों को अभियान से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी गईं और उन्हें प्रभावी ढंग से जन जागरूकता बढ़ाने हेतु मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

बैठक के दौरान कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह ने NGO प्रतिनिधियों से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, त्रुटि सुधार कराने एवं अपात्र नाम हटाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में पंजीकरण आवश्यक है।

निगम आयुक्त विश्वदीप एवं जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन ने भी NGO प्रतिनिधियों से अपील की कि वे शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाकर आमजन को विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दें और फॉर्म भरने की प्रक्रिया में सहयोग करें।

बैठक में उपस्थित NGO प्रतिनिधियों ने अभियान में सक्रिय सहयोग का आश्वासन दिया तथा जागरूकता से जुड़े सुझाव भी प्रस्तुत किए। जिला प्रशासन द्वारा अभियान को सफल बनाने हेतु निरंतर मॉनिटरिंग एवं समन्वय किया जा रहा है।

बैठक में निगम आयुक्त विश्वदीप एवं जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button