खास खबरदेश-दुनियाफीचर्डविविध

विश्व कप के लिए अब चार साल और इंतजार, जानिए कब और कहां होगा अगला क्रिकेट वर्ल्ड कप और कितनी टीम लेगी हिस्सा?

अगला वनडे वर्ल्ड कप अब साल 2027 में आयोजित होना है. टीमों की संख्या और फॉर्मेट के मामले में यह इस बार के वर्ल्ड कप से बेहद अलग होगा…

नईदिल्ली (ए)। वर्ल्ड कप 2023 संपन्न हो चुका है. फाइनल तक पहुंचने के बाद टीम इंडिया यहां ट्रॉफी उठाने से चूक गई. अब भारतीय क्रिकेट फैंस को वर्ल्ड कप ट्रॉफी टीम इंडिया के हाथ में देखने के लिए चार साल और इंतजार करना होगा. वनडे क्रिकेट में अगला वर्ल्ड कप अब साल 2027 में होना है. इस वर्ल्ड कप की मेजबानी दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया के पास है. तीनों देश मिलकर अगले वर्ल्ड कप की मेजबानी करेंगे।

यह दूसरी बार होगा जब अफ्रीकी महाद्वीप में वर्ल्ड कप खेला जाएगा. इससे पहले वर्ल्ड कप 2003 का आयोजन भी अफ्रीका में ही हुआ था. तब दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे के साथ केन्या ने वर्ल्ड कप मैचों की मेजबानी की थी. उस वर्ल्ड कप में दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे तो ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गए थे लेकिन केन्या ने सेमीफाइनल तक का सफर तय किया था. सेमीफाइनल में केन्या को भारतीय टीम के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।

20 साल पहले अफ्रीका में हुआ यह वर्ल्ड कप टीम इंडिया के लिए यादगार रहा था. 1983 के बाद भारतीय टीम पहली बार वर्ल्ड कप फाइनल में पहुंची थी. हालांकि तब भी भारत को ऑस्ट्रेलिया के हाथों ही हार का सामना करना पड़ा था।

इन देशों का क्वालिफिकेशन पक्का मेजबान होने के नाते दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे को वर्ल्ड कप 2027 खेलना तय है लेकिन नामीबिया के साथ ऐसा नहीं होगा. उसे अपनी जगह अगले कुछ सालों में अपने प्रदर्शन के आधार पर बनानी होगी. नामीबिया के वर्ल्ड कप एंट्री का फॉर्मूला वैसा ही रहेगा, जैसा अन्य टीमों के लिए रहने वाला है।

कितनी टीमें लेंगी हिस्सा और कैसे होगी एंट्री?
अगले वर्ल्ड कप में 14 टीमें हिस्सा लेंगी. इनमें से दो टीमें तो पहले से तय है. इसके बाद वर्ल्ड कप से पहले एक तय समय सीमा तक आईसीसी वनडे रैंकिंग्स में टॉप-8 टीमों को सीधे वर्ल्ड कप टिकट मिल जाएगी. बाकी चार टीमें क्वालीफायर्स मुकाबलों के जरिए क्रिकेट के इस सबसे बड़े टूर्नामेंट में एंट्री ले सकेंगी।

क्या होगा फॉर्मेट? वर्ल्ड कप 2027 में 7-7 टीमों के दो ग्रुप होंगे. यहां राउंड रॉबिन स्टेज के बाद दोनों ग्रुपों से टॉप-3 टीमें अगली स्टेज में पहुंचेगी. यानी दूसरे राउंड में यहां 6 टीमें होंगी. एक ग्रुप की टीम दूसरे ग्रुप की सभी टीमों से एक-एक मैच खेलेगी. इस तरह इस राउंड में हर टीम के हिस्से तीन-तीन मैच आएंगे. इस स्टेज में दो टीमें एलिमिनेट होंगी और फिर सेमीफाइनल मुकाबला खेला जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button