खास खबरदेश-दुनियाफीचर्डविविध

विश्व कप फाइनल को भव्य बनाने की तैयारी: स्टेडियम में दिख सकते हैं पीएम मोदी और एमएस धोनी, मैच से पहले होगा एयर शो

भारतीय टीम को स्टेडियम में करीब सवा लाख दर्शकों का साथ मिलेगा। पीएम मोदी इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज के दौरान अहमदाबाद के स्टेडियम में नजर आए थे…

अहमदाबाद (ए)। भारतीय टीम विश्व कप के फाइनल में पहुंच गई है। यह मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया या दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच में उतरेगी। इस मुकाबले को भव्य बनाने की तैयारी जोरों पर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मैच देखने के लिए स्टेडियम में पहुंच सकते हैं। वहीं, एयर शो का भी आयोजन मैच से पहले होगा। भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी भी मैच देखने जा सकते हैं। उनकी कप्तानी में टीम इंडिया 2011 में विश्व कप जीती थी।

भारतीय टीम को स्टेडियम में करीब सवा लाख दर्शकों का साथ मिलेगा। पीएम मोदी इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज के दौरान अहमदाबाद के स्टेडियम में नजर आए थे। पहली बार यहां विश्व कप के फाइनल का आयोजन होना है। इस दिन को यादगार बनाने के लिए एक एयर शो भी होगा। गुरुवार को स्टेडियम के आसपास जेट उड़ते दिखे हैं।

समापन समारोह का हो सकता है आयोजन
मैच से पहले समापन समारोह का आयोजन भी किया जा सकता है। अहमदाबाद में ही भारत-पाकिस्तान मैच हुआ था। तब अरिजित सिंह, शंकर महादेवन, सुनिधि चौहान जैसे दिग्गज कलाकारों ने परफॉर्म किया था। बीसीसीआई एक बार फिर से अहमदाबाद में रंगारंग कार्यक्रम आयोजित करना चाहता है। हालांकि, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

चौथी बार फाइनल खेलेगा भारत
भारतीय टीम 12 साल बाद टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची है। पिछली बार 2011 में टीम इंडिया ने घरेलू मैदान पर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई थी। महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी टीम चैंपियन बनी थी। भारत चौथी बार विश्व कप के फाइनल में पहुंचा है। 1983 में कपिल देव की कप्तानी में वेस्टइंडीज को हराकर पहली बार खिताब जीता था। 2003 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फाइनल में हार का सामना करना पड़ा था। तब सौरव गांगुली कप्तान थे। इसके आठ साल बाद 2011 में जब भारत फाइनल में पहुंचा तो उसने श्रीलंका को हराकर दूसरी बार खिताब जीत लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button