खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

एक नाबालिग लड़की को खोजते जब पुलिस पहुंची एमपी तो मिली और चार नाबालिग लड़की: शादी का झांसा देकर बेचने की थी तैयारी, एसपी ने जिलावासियों से की खास अपील

उसके साथ चार और नाबालिग लड़कियों को भी मुक्त कराया गया है. इस प्रकार एक गैंग शामिल है जो नाबालिग लड़कियों को शादी का प्रलोभन देकर झांसे में लेता है और कोलकाता एवं अन्य जगहों पर उनको ले जाकर बेचता है…

गरखा थाना अंतर्गत काण्ड संख्या- 534/24, दिनांक- 25/08/24, धारा- 137(2)/96/3(5) BNS दर्ज किया गया है…

छपरा (ए)। गरखा थाने में बीते रविवार (25 अगस्त) को एक एफआईआर दर्ज कराई गई थी जिसमें नाबालिग लड़की के अपहरण की बात कही गई थी. इस मामले में छपरा की पुलिस ने 24 घंटे के अंदर बड़ी कार्रवाई की है. नाबालिग लड़की को पुलिस ने मध्यप्रदेश के सिंगरौली से बरामद कर लिया है. हैरान करने वाली बात है कि उसके साथ चार और नाबालिग लड़कियां भी मिलीं जिसे देख पुलिस भी चौंक उठी. सोमवार (26 अगस्त) को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर छपरा के एसपी डॉ. कुमार आशीष ने इस संबंध में जानकारी दी।

दरअसल नाबालिग बच्ची के अपहरण की बात सामने आने के बाद एसपी डॉ. कुमार आशीष ने मामले को गंभीरता से लिया. इसके बाद खुद टीम बनाकर जांच शुरू कराई जिसके बाद टीम को सफलता मिली. एसपी डॉ. कुमार आशीष ने बताया कि पुलिस उपाधीक्षक प्रशिक्षु सह थानाध्यक्ष गरखा ईशा गुप्ता के नेतृत्व में टीम बनाई गई थी. नाबालिग लड़की गरखा थाना क्षेत्र के चैनपुर की रहने वाली है. सूचना मिली थी कि शादी की नीयत से अपहरण कर लिया गया है।

एसपी ने कहा कि शिकायत के बाद जांच में लोकेशन कोलकाता पाया गया था. फिर कोलकाता से मध्यप्रदेश का सिंगरौली मिला. हम लोगों ने आज (26 अगस्त) सुबह सिंगरौली से मुक्त करवाया है. उसके साथ चार और नाबालिग लड़कियों को भी मुक्त कराया गया है. इस प्रकार एक गैंग शामिल है जो नाबालिग लड़कियों को शादी का प्रलोभन देकर झांसे में लेता है और कोलकाता एवं अन्य जगहों पर उनको ले जाकर बेचता है. इस गैंग के बारे में पता किया जा रहा है।

उधर सारण के एसपी डॉ. कुमार आशीष ने आम लोगों से अपील की है कि वो अपने बच्चों पर खास ध्यान रखें. खास कर नाबालिग लड़के-लड़कियों पर विशेष रूप से निगरानी रखें कि वो क्या कर रहे हैं. सोशल मीडिया में किस तरह की बातें चल रही हैं. कोई उन्हें प्रलोभन तो नहीं दे रहा है. कोई डरा-धमका तो नहीं रहा है. भय दिखाकर उनका शोषण तो नहीं करना चाह रहा है।

वहीं पुलिस उपाधीक्षक प्रशिक्षु सह गरखा थानाध्यक्ष ईशा गुप्ता ने कहा कि अपहरण की शिकायत में गांव के ही टिंकू कुमार गिरी (उम्र 18 वर्ष) पर आरोप लगाया गया था. कहा गया था कि शादी की नीयत से अपहरण किया गया है. इसके बाद पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की. हम लोगों ने 24 घंटे में ही अपहरण का सफल उद्भेदन कर दिया. तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लड़की को मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिला से 24 घंटे के अंदर स्थानीय थाने के सहयोग से बरामद कर लिया. उसके अलावा वहां से अन्य चार नाबालिग लड़कियों को बरामद किया गया जिन्हें अनैतिक कार्य के लिए रखा गया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button