खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

शराब- सिगरेट के विज्ञापनों में नहीं दिखेंगे खिलाड़ी, केंद्र सरकार ने कहा- बीसीसीआई खिलाड़ियों से ले शपथ पत्र

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष रॉजर बिन्नी से स्वास्थ्य महानिदेशक ने देश की आबादी को स्वस्थ रखने के संकल्प में सरकार का सहयोग देने के लिए कहा है। उन्होंने अपील की है कि आईपीएल या अन्य क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान इस तरह के विज्ञापनों का प्रसार नहीं होना चाहिए…

 

नईदिल्ली (ए)। अब देश का कोई भी खिलाड़ी शराब या धूम्रपान का विज्ञापन करता दिखाई नहीं देगा। केंद्र सरकार के स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. अतुल गोयल ने बीसीसीआई और साई (SAI) को पत्र लिख खिलाड़ियों से तत्काल शपथ पत्र लेने के लिए कहा है। पत्र में डॉ. गोयल ने लिखा है कि खिलाड़ी खासतौर पर क्रिकेटर देश की युवा आबादी के लिए रोल मॉडल हैं। यह युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित कर सकते हैं। हालांकि यह दुर्भाग्य है कि अक्सर खेल जगत के दिग्गज सितारे सिगरेट, बीड़ी या फिर पान मसाला का विज्ञापन करते हुए दिखाई देते हैं।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष रॉजर बिन्नी से स्वास्थ्य महानिदेशक ने देश की आबादी को स्वस्थ रखने के संकल्प में सरकार का सहयोग देने के लिए कहा है। उन्होंने अपील की है कि आईपीएल या अन्य क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान इस तरह के विज्ञापनों का प्रसार नहीं होना चाहिए।

साथ ही खिलाड़ियों को इन विज्ञापनों से दूर करने के लिए तत्काल उपायों पर गौर करना चाहिए। डॉ. गोयल ने सुझाव दिया है कि बीसीसीआई खिलाड़ी से एक शपथ पत्र ले सकती है, जिसमें वह इन विज्ञापनों से खुद अलग रखने का वादा करेंगे। इसी तरह का एक पत्र भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के महानिदेशक संदीप प्रधान को लिखा गया है।

दरअसल, देश के चर्चित खिलाड़ी और फिल्म स्टार अक्सर विभिन्न माध्यमों में तंबाकू उत्पादों का विज्ञापन करते दिखाई देते हैं। इनमें भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव से लेकर वीरेंद्र सहवाग, सुनील गावस्कर और फिल्म अभिनेता अजय देवगन, अक्षय कुमार, शाहरुख खान तक शामिल हैं।

इन विज्ञापनों को लेकर अक्सर ये हस्तियां सोशल मीडिया पर भी काफी वायरल हुई हैं। यह बात अलग है कि कानून बनने के लंबे समय बाद सरकार ने अब इन खिलाड़ियों को  नियमों के दायरे में लाने का फैसला लिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button