देश-दुनियाफीचर्डविविध

केएल राहुल ने शानदार बल्लेबाज़ी कर टीम इंडिया को पहले वनडे मैच में दिलाई जीत

189 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम इंडिया ने एक समय सिर्फ 39 रनों पर चार विकेट गंवा दिए थे, लेकिन इसके बाद केएल राहुल ने शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए टीम इंडिया को जीत दिलाई…

मुंबई (ए)। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहला वनडे मैच मुंबई के वानखाड़े स्टेडियम में खेला गया, जिसमें केएल राहुल ने भारत को 5 विकेट से एक शानदार जीत दिला दी है. केएल राहुल के फॉर्म की चर्चा पिछले कुछ महीनों से इंडियन ड्रेसिंग रूम से लेकर ट्विटर तक में सबसे ज्यादा हो रही थी. उन्हें टेस्ट मैच में उप-कप्तानी से हटाया गया, फिर मैच से भी ड्रॉप किया गया, लेकिन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे मैच में केएल राहुल ने हर विभाग में बढ़िया प्रदर्शन किया है।

केएल राहुल ने 91 गेंदों में 75 रनों की एक बेहतरीन पारी खेलकर टीम इंडिया को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इस वनडे सीरीज में पहली जीत दिला दी. आपको बता दें कि ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत को 189 रनों का आसान लक्ष्य दिया था, लेकिन ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने शुरुआत में अपनी घातक गेंदबाजी से भारत के लिए इस लक्ष्य को काफी मुश्किल बना दिया था. केएल राहुल को कप्तान हार्दिक पांड्या ने नंबर-5 पर बल्लेबाजी करने भेजा और केएल राहुल ने एक छोर संभालकर रखा और धीरे-धीरे लक्ष्य की तरफ आगे बढ़ते रहे।

39 पर 4 विकेट गिरने के बाद केएल राहुल ने संभाली जिम्मेदारी भारतीय टीम सिर्फ 16 रन पर 3 और 39 रनों पर 4 विकेट गंवा चुकी थी, लेकिन उसके बाद केएल राहुल आए और स्टार्क की पहली गेंद पर चौका लगाकर बता दिया कि आज वो किसी अलग इरादे से मैदान पर उतरे हैं. भारत की इस जीत में रवींद्र जडेजा ने केएल राहुल का भरपूर साथ दिया और इन दोनों ने 6ठें विकेट के लिए 100 से ज्यादा रनों की साझेदारी करके ऑस्ट्रेलिया की उम्मीदों पर पानी फेर दिया. रवींद्र जडेजा ने 69 गेंदों में 45 रनों की नाबाद और एक बेहद महत्वपूर्ण पारी खेला। इससे पहले रवींद्र जडेजा ने खतरनाक बल्लेबाज मिचेल मार्श और ग्लेन मैक्सवेल के दो बड़े विकेट भी लिए और साथ ही एक जबरदस्त कैच पकड़कर मार्नस लाबुशेन को भी पवेलियन वापस जाने पर मजबूर कर दिया. इस वजह से रवींद्र जडेजा को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया है।

उधर, भारत के गेंदबाजों ने भी कमाल का प्रदर्शन किया. मोहम्मद शमी और सिराज को 3-3 विकेट मिले, जबकि रवींद्र जडेजा ने भी 2 विकेट हासिल किए. इनके अलावा कुलदीप और हार्दिक पांड्या को भी 1-1 विकेट हासिल करने में कामयाबी मिली. केएल राहुल की बात करें तो उन्होंने अपनी शानदार पारी खेलने से पहले विकेटकीपिंग में भी कमाल का प्रजर्शन किया. टीम में इशान किशन के होने के बावजूद केएल राहुल ने विकेटकीपिंग की और दो बेहतरीन कैच पकड़े।

Related Articles

Back to top button