छत्तीसगढ़फीचर्ड

शहीद एएसपी आकाश राव गिरेपुंजे को सुकमा पुलिस का नमन, युवाओं में राष्ट्रभक्ति जगाने शुरू होगी वार्षिक वाद-विवाद प्रतियोगिता

सुकमा। सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर 2026 को पूरे देश में आयोजित होने वाले “राष्ट्रीय एकता दिवस” के उपलक्ष्य में सुकमा पुलिस द्वारा एक विशेष एवं प्रेरणादायी बौद्धिक पहल की जा रही है। पुलिस अधीक्षक सुकमा मयंक गुर्जर के कुशल निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रोहित शाह तथा मनोज तिर्की के मार्गदर्शन में जिले भर के छात्र-छात्राओं के लिए “शहीद आकाश राव गिरेपुंजे स्मृति वाद-विवाद प्रतियोगिता” का त्रि-स्तरीय आयोजन किया जा रहा है।

आयोजन के मुख्य उद्देश्य:
राष्ट्रभक्ति का संचार: विद्यार्थियों एवं युवाओं में राष्ट्रीय एकता, अखंडता, आपसी भाईचारा तथा देशभक्ति की भावना को सुदृढ़ करना।
ऐतिहासिक योगदान का स्मरण: ‘लौह पुरुष’ सरदार वल्लभ भाई पटेल के व्यक्तित्व एवं राष्ट्र निर्माण में उनकी अतुलनीय भूमिका से नई पीढ़ी को अवगत कराना।
तार्किक क्षमता का विकास: सुकमा के सुदूर अंचलों के युवाओं को एक सकारात्मक बौद्धिक मंच प्रदान कर उनके अभिव्यक्ति कौशल को निखारना।

त्रि-स्तरीय प्रतियोगिता का कार्यक्रम:
प्रथम चरण (विद्यालय स्तर) — 14 अक्टूबर 2026:
जिले के समस्त हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में आंतरिक स्तर पर मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।
स्कूल स्तर पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले चयनित छात्र विकासखंड स्तर की प्रतियोगिता के लिए आगे बढ़ेंगे।

द्वितीय चरण (विकासखंड स्तर) — 24 अक्टूबर 2026:
सुकमा जिले के सभी विकासखंड मुख्यालयों पर विद्यालय स्तर से चयनित मेधावी वक्ताओं के बीच मुकाबला होगा।
विकासखंड स्तर पर विजेता प्रतिभागी जिला स्तरीय फाइनल में अपने ब्लॉक का प्रतिनिधित्व करेंगे।

तृतीय चरण (जिला स्तर – महामुकाबला) — 31 अक्टूबर 2026:
‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ के पावन अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित शबरी ऑडिटोरियम, कुम्हाररास (सुकमा) में भव्य फाइनल राउंड आयोजित होगा।

मुख्य आकर्षण एवं महत्वपूर्ण बिंदु:
वार्षिक परंपरा की गौरवशाली शुरुआत: कर्तव्य पथ पर सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव गिरेपुंजे की पावन स्मृति में यह प्रतियोगिता अब सुकमा पुलिस द्वारा प्रतिवर्ष नियमित रूप से आयोजित की जाएगी।

भव्य सम्मान एवं पुरस्कार: जिला स्तर पर उत्कृष्ट विचार और दमदार तर्क प्रस्तुत करने वाले विजेता छात्र-छात्राओं को विशेष शील्ड, प्रशस्ति पत्र एवं आकर्षक पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा।

सुकमा पुलिस की विशेष अपील: सुकमा पुलिस जिले के सभी प्राचार्यों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से आग्रह करती है कि वे इस रचनात्मक मंच का हिस्सा बनें और ज्यादा से ज्यादा संख्या में भाग लेकर इस आयोजन को सफल बनाएं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button