खास खबरछत्तीसगढ़फीचर्ड

भाजपा का 3 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आज से: मुख्यमंत्री ट्रेन से पहुंचे अंबिकापुर, आज जेपी नड्डा आयेंगे, गृहमंत्री अमित शाह भी होंगे शामिल

रायपुर। छत्तीसगढ़ के शिमला कहे जाने वाले मैनपाट में 7 जुलाई से भाजपा का 3 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर लगेगा। इसमें बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शामिल होंगे। इस दौरान नेताओं को लाकड़ा की देसी चटनी परोसी जाएगी। सरगुजियाई मिलेट्स दिए जाएंगे।

वहीं इस आयोजन में शामिल होने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रविवार की रात राजधानी रायपुर से अंबिकापुर तक रेल का सफर कर पहुंच गए है। मुख्यमंत्री ट्रेन यात्रा को लेकर उत्साहित दिखे। मुख्यमंत्री ने कहा कि ट्रेन की यात्रा हमेशा स्मृतियों को ताजा कर देती है। सफर में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक सुनील सोनी भी मौजूद रहे।

जानकारी के मुताबिक आज 7 जुलाई को दोपहर 12:00 बजे के आस-पास भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा, दरिमा एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इस जगह से प्रशिक्षण शिविर के लिए रवाना होंगे। समापन सत्र में देश के गृहमंत्री अमित शाह भी आएंगे। प्रशिक्षण शिविर में तीन दिनों तक पूरी सरकार यानी मुख्यमंत्री, 10 मंत्री और 44 विधायक मौजूद रहेंगे।

सरगुजा की जमीं पर नेताओं के इस प्रशिक्षण शिविर में नेताओं को हर दिन अंचल के लोकल फूड खिलाने का बंदोबस्त किया गया है। भाजपा के जिला अध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने बताया यहां प्रचलित लकड़ा फूल की चटनी भी हम राष्ट्रीय और प्रदेश के नेताओं को परोसेंगे। सरगुजा के मिलेट्स भी भोजन का हिस्सा होंगे।

हर दिन सुबह मैनपाट की वादियों के सुंदर नजारों के बीच नेता योग करेंगे। इसके बाद हेल्दी नाश्ता परोसा जाएगा। इसके बाद सेशन शुरू होंगे। शाम को सत्र खत्म होने के बाद छत्तीसगढ़ी गीत-संगीत का आयोजन होगा। शिविर में आए नेता मैनपाट के तिब्बती मंदिर और प्राकृतिक सुंदरता को देखने भी जाएंगे।

प्रशिक्षण शिविर की खास बात यह है कि इसमें सिर्फ चुने हुए नेताओं को बुलाया गया है। सांसद और विधायक ही ट्रेनिंग में बुलाए गए हैं। इस वजह से इस पूरे प्रशिक्षण शिविर में सरकारी कामकाज, योजना से जुड़ी ट्रेनिंग दी जाएगी।

जनता से नेता कैसे कनेक्ट रहें पूरी ट्रेनिंग इसी पर फोकस होगी, ताकि फिर से जब चुनाव में भाजपा जाए तो भाजपा को सपोर्ट मिले और वोट भी। सत्ता में आने के बाद भाजपा बस्तर और सरगुजा में इस तरह के आयोजन कर रही है। मुख्यमंत्री खुद बड़ी सरकारी बैठकें बस्तर में कर चुके हैं। सरगुजा के आदिवासियों को भाजपा के साथ साधने का मकसद भाजपा लिए हुए है।

मीडिया से चर्चा में इसे लेकर वित्त मंत्री ओपी चौधरी कह चुके हैं कि ऐसे आयोजनों से लोकल जगहों को वहां की संस्कृतियों को पहचान मिलती है वो जगह चर्चा में आती हैं। इस वजह से ये शिविर सरजुगा में लगाया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button