खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

सब्जी मंडी के दो दुकान से 26 किलो टमाटर, 25 किलो मिर्च और 8 किलो अदरक चोरी, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

पुलिस ने दो दुकानों से टमाटर, अदरक और मिर्च की चोरी का मामला दर्ज कर लिया है. आढ़ती की शिकायत पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश कर रही है…

फतेहपुर (ए)। टमाटर की कीमत नीचे आने का नाम नहीं ले रही है. महंगाई की मार के बीच टमाटर और लाल हो गया है. इन दिनों सोना नहीं महंगा टमाटर लोगों को चोरी करने पर मजबूर कर रहा है. फतेहपुर में सब्जी मंडी से टमाटर चोरी होने का मामला सामने आया है. औंग कस्बे की दो दुकानों से चोर 26 किलो टमाटर के साथ 25 किलो मिर्च और 8 किलो अदरक भी ले गए. पुलिस ने बताया कि औंग कस्बे में रामजी और नईम की दुकान है. चोरों ने दोनों दुकानों से टमाटर पर हाथ साफ कर दिया।

आढ़ती रामजी की तहरीर पर चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. औंग थाना प्रभारी ने बताया कि कामता प्रसाद और मोहम्मद इस्लाम को तहरीर में आरोपी बनाया गया है. शिकायतकर्ता रामजी ने मीडिया को बताया कि एक पेटी टमाटर, आठ किलो अदरक, 25 किलो मिर्च चोरी की थाने में सूचना दी थी. दूसरे दिन सस्ते में सब्जी के बिकने की जानकारी मिली. मौके पर पहुंचने के बाद खुलासा हुआ की चोरी की सब्जी बेची जा रही है. पूछताछ में दुकानदारों ने विक्रेताओं के नाम बता दिए।

टमाटर चोरी के मामले में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने चुटकी ली है. उन्होंने कहा कि स्पेशल टास्क फोर्स का नाम बदलकर स्पेशल टमाटर फोर्स कर दिया जाना चाहिए. पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद दो सब्जी चोरों की तलाश की जा रही है।

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में टमाटर की सुरक्षा पर सब्जी विक्रेता ने बाउंसर लगाए दिए थे. टमाटर की सुरक्षा के लिए बाउंसर लगाए जाने पर सब्जी विक्रेता को पुलिस ने हिरासत में ले लिया था. सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने टमाटर की सुरक्षा में लगे बाउंसर का वीडियो शेयर कर बीजेपी सरकार को घेरने की कोशिश की थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button