खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

प्रधानमंत्री इंटर्नशिप पोर्टल लॉन्च: 12 अक्तूबर से करें पंजीकरण, 1.25 लाख युवाओं का होगा चयन

प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के तहत सरकार ने आज एक केंद्रीकृत पोर्टल लॉन्च किया है, जिससे कंपनियां आवेदन आमंत्रित कर सकेंगी। इच्छुक इंटर्न पोर्टल पर 12 अक्तूबर से आवेदन कर सकेंगे…

 

नईदिल्ली (ए)। केंद्रीय बजट में घोषित इंटर्नशिप कार्यक्रम युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने के अवसर प्रदान करेगा। आज, यानी 3 अक्तूबर को एक समर्पित इंटर्नशिप पोर्टल लॉन्च किया गया, जिससे उम्मीदवार सीधे इंटर्नशिप के अवसरों के संपर्क में रह सकेंगे। छात्रों को इस पोर्टल पर पंजीकरण करना होगा। कंपनियां अपनी इंटर्नशिप रिक्तियों को इस पोर्टल पर अपलोड करेंगी। योग्य उम्मीदवार 12 अक्तूबर से पोर्टल पर पंजीकरण कर सकेंगे।

इसे कॉर्पोरेट मामलों के मंत्रालय (MCA) द्वारा विकसित एक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से लागू किया जाएगा, जिसे pminternship.mca.gov.in. पर एक्सेस किया जा सकता है। छात्रों को इसी पर जाकर खुद को पंजीकृत करना होगा।

मिली जानकारी के अनुसार इस पायलट प्रोजेक्ट को इंटर्न से भारी प्रतिक्रिया मिली है और सुबह तक महिंद्रा एंड महिंद्रा, मैक्स लाइफ और एलेम्बिक फार्मा जैसी कंपनियों द्वारा इंटर्नशिप के 1077 ऑफर तैयार थे।

इस योजना के तहत चुने गए सभी आवेदकों को भारत सरकार की ओर से मासिक वजीफा और वित्तीय सहायता मिलेगी। इस योजना का लक्ष्य 1 करोड़ से ज्यादा छात्रों को लाभ पहुंचाना है। इस योजना के तहत छात्रों को भारत की शीर्ष 500 कंपनियों में 12 माह, यानी एक वर्षीय इंटर्नशिप का अवसर दिया जाएगा। इस कार्यक्रम के अंतर्गत स्कूली शिक्षा पूरी कर चुके सभी छात्र इंटर्नशिप के लिए पात्र होंगे।
इस योजना के तहत 21 से 24 वर्ष की आयु के उम्मीदवार ही आवेदन करने के पात्र हैं। गौरतलब है कि यदि किसी उम्मीदवार की आयु 24 वर्ष से अधिक है, तो वह इस योजना का लाभ नहीं उठा पाएगा। इसके साथ ही आवेदक के परिवार में माता-पिता की सभी स्त्रोतों से वार्षिक आय 8 लाख से अधिक नहीं होनी चाहिए। यदि परिवार में कोई सरकारी कर्मचारी है, तब भी उम्मीदवार इसके लिए पात्र नहीं होंगे। आईआईटी या आईआईएम जैसे प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों से डिग्री प्राप्त करने वाले या सीएमए या सीए जैसे प्रमाणपत्र वाले लोग अपात्र हैं।

इंटर्नशिप पोर्टल के ग्राहक सेवा केंद्र के अनुसार, इस योजना के तहत 10वीं-12वीं पास, डिप्लोमा, ग्रेजुएशन, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI) और कौशल केंद्रों के युवा भाग ले सकते हैं। गौरतलब है कि आवेदन करने वाला उम्मीदवार यदि रेग्यूलर पाठ्यक्रम में पढ़ाई कर रहा है, तो वह आवेदन करने के लिए पात्र नहीं होगा। यदि उम्मीदवार मास्टर डिग्री की पढ़ाई कर रहा है, तो वह भी आवेदन करने के लिए पात्र नहीं है।

सरकार इंटर्न को 4,500 रुपये प्रति माह का वजीफा देगी; फर्म अपने कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) फंड से 500 रुपये का अतिरिक्त योगदान देंगी। इसका अर्थ है कि उम्मीदवार को इंटर्नशिप लगने के बाद 5000 रुपये मासिक वजीफा दिया जाएगा। इंटर्नशिप लगते ही आवेदकों को मासिक वजीफे के अलावा 6000 रुपये की एकमुश्त वित्तीय सहायता मिलेगी।

इंटर्नशिप कार्यक्रम के लिए आवेदकों की सूची बनाने के लिए एक बैकएंड बॉट का उपयोग किया जाएगा, और फिर भाग लेने वाले संगठन व्यक्तियों का मूल्यांकन और चयन करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button