खास खबरफीचर्डविविध

सात फरवरी से शुरू हो सकता है टी20 विश्व कप: भारत-श्रीलंका करेंगे मेजबानी, इटली सहित 15 टीम कर चुकी है क्वालीफाई

आईसीसी अभी कार्यक्रम को अंतिम रूप दे रहा है, लेकिन रिपोर्ट के अनुसार, टूर्नामेंट की विंडो तय हो चुकी है और इसे भाग लेने वाले देशों के साथ साझा किया जा चुका है…

 

नईदिल्ली (ए)। अगले साल होने वाला टी20 विश्व कप सात फरवरी से लेकर आठ मार्च तक आयोजित हो सकता है। इस वैश्विक टूर्नामेंट की मेजबानी भारत और श्रीलंका संयुक्त रूप से करेंगे। न्यूज एजेंसी पीटीआई ने ईएसपीएनक्रिकइंफो की रिपोर्ट के हवाले से बताया कि भारत के कम से कम पांच स्थानों में टी20 विश्व कप के मैच होंगे, जबकि श्रीलंका के दो स्थान इस टूर्नामेंट के मुकाबलों की मेजबानी करेंगे।

फाइनल अहमदाबाद या कोलंबो में खेला जाएगा। यह इस बात पर निर्भर करेगा कि पाकिस्तान फाइनल में पहुंच रहा है या नहीं। भारत और पाकिस्तान की टीमें एक दूसरे के देश में नहीं खेल रही हैं जिस कारण इनके मैच तटस्थ स्थल पर रखे जा रहे हैं। आईसीसी अभी कार्यक्रम को अंतिम रूप दे रहा है, लेकिन रिपोर्ट के अनुसार, टूर्नामेंट की विंडो तय हो चुकी है और इसे भाग लेने वाले देशों के साथ साझा किया जा चुका है।

टी20 विश्व कप 2026 का प्रारूप 2024 की ही तरह रहेगा जहां 20 टीमों को चार ग्रुप में बांटा जाएगा जिसमें प्रत्येक ग्रुप में पांच टीमें शामिल होंगी। प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सुपर आठ चरण के लिए क्वालिफाई करेंगी और इन आठ टीमों को चार-चार के दो ग्रुप में बांटा जाएगा। इसमें से प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी। भारतीय टीम गत चैंपियन है जिसने 2024 में फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर खिताब जीता था। इस बार टूर्नामेंट में कुल 55 मुकाबले खेले जाएंगे।

फिलहाल 15 टीमें टी20 विश्व कप 2026 के लिए क्वालिफाई कर चुकी हैं जिसमें भारत, श्रीलंका, अफगानिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका, अमेरिका, वेस्टइंडीज, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान, आयरलैंड, कनाडा, नीदरलैंड्स और इटली शामिल हैं। इटली की टीम पहली बार इस वैश्विक टूर्नामेंट में खेलेगी। शेष पांच टीमों का चयन क्वालिफायर के जरिये होगा जिसमें से दो अफ्रीका क्षेत्र क्वालिफायर से, जबकि तीन टीमें एशिया और ईस्ट एशिया पेसिफिक क्वालिफायर से चुनी जाएंगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button