खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

स्टॉक मार्केट पर सेलो वर्ल्ड के आईपीओ की धमाकेदार एंट्री ने देश को दिया एक नया अरबपति, कैसरोल किंग प्रदीप राठौड़ अरबपतियों की लिस्ट में हुए शामिल

सेलो वर्ल्ड के आईपीओ की सफलता के रथ पर सवार कंपनी के चेयरमैन एवं एमडी प्रदीप घिसुलाल राठौड़ अरबपतियों के क्लब में शामिल होने वाले सबसे नए भारतीय बन गए हैं…

नईदिल्ली (ए)। स्टॉक मार्केट पर सेलो वर्ल्ड के आईपीओ की धमाकेदार एंट्री ने देश को एक नया अरबपति दिया है. कैसरोल किंग के नाम से पहचाने जाने वाले प्रदीप राठौड़ अरबपतियों की लिस्ट में शामिल होने वाले सबसे नए बिजनेसमैन बन गए हैं. शुक्रवार को कंपनी का शेयर 788.40 रुपये पर बंद हुआ. इसके साथ ही सेलो वर्ल्ड की बाजार वैल्यू 16732.29 करोड़ रुपये हो गई है।

सेलो वर्ल्ड में प्रदीप राठौड़ और उनके परिवार की हिस्सेदारी करीब 78 फीसद है. कंपनी ने 617 से 648 रुपये के भाव पर आईपीओ लाया था. इसको बाजार से जबरदस्त रिस्पांस मिला और यह 39 गुना सब्सक्राइब हो गया. कंपनी का प्रोडक्ट पोर्टफोलियो बाजार में बहुत लोकप्रिय है. कंपनी घरेलू सामान, उपकरण, पेन-स्टेशनरी और फर्नीचर बनाती है. शेयर बाजार पर कंपनी के शेयर सोमवार को आए थे. शेयर मार्केट में सेलो वर्ल्ड के इस प्रदर्शन से इसके शेयरधारक भी काफी खुश हैं।

कैसरोल को घर-घर तक पहुंचाने में सेलो वर्ल्ड के चेयरमैन और एमडी प्रदीप घिसुलाल राठौड़ का बड़ा योगदान है. उन्होंने भारत में प्लास्टिक उत्पादों को नई दिशा दी. उनके नेतृत्व में ही कंपनी ने 2017 में ग्लासवेयर और ओपल वेयर सेगमेंट में एंट्री की थी. विशेषज्ञों का मानना है कि मजबूत ब्रांड इमेज और पूरे देश में कंपनी के उत्पादों की पहुंच ने आईपीओ को इतनी सफलता दिलाई. राठौड़ को प्लास्टिक एवं थर्मोवेयर इंडस्ट्री में 40 साल का अनुभव है. उनके दोनों बेटे गौरव और पंकज भी कंपनी में जॉइंट मैनेजिंग डायरेक्टर हैं।

प्रदीप राठौड़ के पिता घिसुलाल राठौड़ ने 1967 सेलो वर्ल्ड की नींव रखी थी. शुरुआत में कंपनी जूते-चप्पल और चूड़ियां बनाती थी. कंपनी ने 1980 में कैसेरोल बनाने शुरू किए. घिसुलाल ने अपनी अमरीका यात्रा के दौरान पहली बार कैसरोल देखे थे, जिनमें खाने को गर्म और ताजा बनाए रखने के लिए रखा जाता था. इसके बाद उन्होंने कैसरोल को भारतीय बाजार में उतारा।

कैसरोल की सफलता से उत्साहित होकर सेलो वर्ल्ड ने कई सेगमेंट में प्रोडक्ट लांच किए, जो सफल रहे. इससे पहले इसी ग्रुप की विम प्लास्ट ने स्टॉक मार्केट में एंट्री की थी. उसकी बाजार वैल्यू लगभग 700 करोड़ रुपये है. इस समय सेलो वर्ल्ड के देशभर में 5 शहरों में 13 प्लांट हैं।

प्रदीप राठौड़ एक सफल बिजनेसमैन होने के साथ ही सामाजिक कार्यों से भी जुड़े हुए हैं. वह बदामिया चैरिटेबल ट्रस्ट के ट्रस्टी और जीतो एडमिनिस्ट्रेटिव ट्रेनिंग फॉउंडेशन के प्रेसिडेंट भी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button