खास खबरफीचर्डविविध

स्मृति मंधाना ने बना डाले एक साथ छह रिकॉर्ड: टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज को हराकर सीरीज पर 2-1 से किया कब्जा

भारत और वेस्टइंडीज की  महिला क्रिकेट टीम के बीच टी20 क्रिकेट सीरीज स्मृति मंधाना के लिए यादगार रही। इस सीरीज में मंधाना को लगातार तीन मैचों में अर्धशतकीय पारी खेलने के लिए प्लेयर ऑफ द सीरीज के अवॉर्ड से नवाजा गया। उन्होंने कुल 193 रन बनाए। इस सीरीज में मंधाना ने कुल छह रिकॉर्ड्स अपने नाम किए। आइये जानते हैं…

 

मुंबई (ए)। भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेली गई तीन मैचों की टी20 सीरीज मेजबानों की 2-1 से जीत के साथ समाप्त हो गई। भारतीय महिला टीम ने गुरुवार को तीसरे टी20 मैच में मेहमानों को 60 रन से हराकर सीरीज अपने नाम कर ली। इससे पहले टीम इंडिया ने पहला मुकाबला 49 रन से जीता था जबकि विंडीज टीम ने दूसरे मैच में नौ विकेट से जीत के साथ सीरीज में 1-1 की बराबरी दर्ज की थी। अब दोनों टीमें एक बार फिर वनडे सीरीज में आमने-सामने होंगी। इसकी शुरुआत 22 दिसंबर से होगा।

मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में भारत की कार्यवाहक कप्तान स्मृति मंधाना ने दमदार प्रदर्शन किया। उन्होंने विरोधी टीम के खिलाफ आतिशी पारी खेलते हुए कई रिकॉर्ड बनाए। 28 वर्षीय बल्लेबाज ने 47 गेंदों में 13 चौके और एक छक्के की मदद से 77 रन बनाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 163.82 का रहा। मंधाना के लगातार तीसरे अर्धशतक और ऋचा घोष के टी20 में सबसे तेज अर्धशतक की बदौलत भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे टी20 में अपना सबसे बड़ा स्कोर बना डाला। भारत ने चार विकेट पर 217 रन बनाकर यूएई के खिलाफ बनाए गए पांच विकेट पर 201 रन के स्कोर को पीछे छोड़ दिया।

भारतीय महिला टीम ने वेस्टइंडीज को तीसरे और अंतिम टी20 मैच में रन से हरा दिया। इसी के साथ टीम इंडिया ने तीन मैचों की टी20 सीरीज पर 2-1 से कब्जा जमा लिया। गुरुवार को मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में चार विकेट पर 217 रन बनाए। जवाब में वेस्टइंडीज की टीम 20 ओवर में नौ विकेट पर सिर्फ 157 रन ही बना सकी। इस तरह भारत ने यह मुकाबला अपने नाम कर लिया।

इस सीरीज में मंधाना में कुल छह रिकॉर्ड्स अपने नाम किए

193 – स्मृति मंधाना ने द्विपक्षीय टी20 सीरीज में किसी भारतीय महिला द्वारा सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने तीन मैचों में 159.50 के स्ट्राइक रेट से 193 रन बनाए। इसी के साथ सलामी बल्लेबाज ने पूर्व कप्तान मिताली राज का रिकॉर्ड तोड़ दिया। मिताली ने फरवरी, 2018 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एक सीरीज में 192 रन बनाए थे।

763 – भारतीय बल्लेबाज स्मृति मंधाना महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय में एक कैलेंडर वर्ष में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बन गई हैं। उन्होंने इस साल खेले 23 मुकाबलों में 763 रन बनाए और इतिहास रच दिया। मंधाना ने इसी के साथ श्रीलंका की कप्तान चामरी अट्टापट्टब का रिकॉर्ड तोड़ दिया जिन्होंने इस साल 21 मुकाबलों में 720 रन बनाए।

 8 – स्मृति मंधाना ने एक कैलेंडर वर्ष में खेले महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में सबसे ज्यादा बार 50+ रन बनाने का रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने विंडीज के खिलाफ आठवीं बार 77 रनों की पारी खेली। इस मामले में मंधाना ने मिताली राज को पीछे छोड़ा, जिन्होंने 2018 में सात बार 50+ रन बनाए थे।

30 – मंधाना महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में सबसे ज्यादा 50+ स्कोर बनाने वाली बल्लेबाज भी बन गईं। उन्होंने इस मामले में सूजी बेट्स को पीछे छोड़ दिया जिनके नाम टी20 मैचों में 50 या उससे ज्यादा के 29 स्कोर दर्ज हैं।

77 – स्मृति मंधाना ने वेस्टइंडीज के खिलाफ महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में किसी भारतीय बल्लेबाज द्वारा बनाया गया सर्वोच्च स्कोर बनाया। उन्होंने अपने खुद के 74 नाबाद स्कोर को पीछे छोड़ा जो उन्होंने जनवरी 2023 में ईस्ट लंदन में महिला टी20 विश्व कप के दौरान बनाया था।

104 – स्मृति मंधाना टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक कैलेंडर वर्ष में 100 या उससे अधिक चौके लगाने वाली पहली महिला बल्लेबाज बन गईं। अब उनके नाम एक कैलेंडर वर्ष में 104 छक्के लगाने का रिकॉर्ड दर्ज है। इस मामले में उन्होंने हेली मैथ्यूज को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने पिछले साल 14 मैचों में 99 चौके लगाए थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button