दुर्ग-भिलाईविविध

हत्या के आरोपियों के अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर: जिस माई के लाल में हिम्मत है वो अपराध करके दिखाए वैशाली नगर विधानसभा में : विधायक रिकेश सेन

भिलाई। छावनी थाना क्षेत्र के तहत शारदा पारा में पिछले दिनों 12वीं के छात्र की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने एक नाबालिग सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इस घटना के बाद क्षेत्र में काफी आक्रोशित माहौल बन गया और स्थानीय विधायक ने आरोपियों के अवैध कब्जों पर बुलडोजर चलाने की बात कही थी नतीजतन आज आरोपियों के तमाम अवैध निर्माण को बुलडोजर चला ध्वस्त किया गया है।

आपको बता दें कि विधायक रिकेश सेन ने हत्या की घटना के बाद रघुनंदन वंदन कार्यक्रम के दौरान आपराधिक प्रवृत्ति वालों को सख्त चेतावनी दी थी। उन्होंने कहा कि हत्या जैसा जघन्य कृत्य करने वाले, नशा खोरी व चाकू बाजी करने वाले यह जान लें कि अब कड़ी कार्रवाई होगी। भिलाई निगम से उक्त आरोपियों के अवैध कब्जों को चिह्नित कर उसे ढहाया जाएगा।

गौरतलब हो कि 21 जनवरी रविवार की रात को कैंप 2 शारदा पारा स्थित संजय टेंट हाऊस के पास गाड़ी बैक करने के नाम पर विवाद हुआ था। यहां से गुजर रहे कुछ युवकों ने टेंट हाउस के संचालक और उसके बेटे शिवम साव (17 वर्ष) से मारपीट की। विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक ने चाकू से शिवम साव पर हमला कर दिया जिससे उसकी मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

इस घटना के बाद क्षेत्र में काफी आक्रोशित माहौल बन गया और स्थानीय विधायक ने आरोपियों के अवैध कब्जों पर बुलडोजर चलाने की बात कही थी। भिलाई निगम ने भोला प्रधान, इंद्रजीत प्रजापति, लोटन प्रसाद चौहान और मोतिन बी के नाम नोटिस जारी कर 3 दिन के भीतर उनसे उनके निवास से संबंधित दस्तावेज मांगे थे।

दस्तावेज जमा होने के बाद निगम प्रशासन द्वारा फिर से नोटिस दिया गया और बताया कि प्रस्तुत दस्तावेज अनुसार आबंटित पट्टे की भूमि 19.40 वर्गमीटर एवं 72 वर्गमीटर अतिरिक्त अवैध कब्जा व निर्माण पाया गया है। भिलाई निगम ने अवैध कब्जे को तीन दिन में हटा लेने कहा था। कब्जा नहीं हटाने पर आज भिलाई निगम की टीम पहुंची और अवैध निर्माण को ढहा दिया।

लगी धारा 144, भारी पुलिस बल रहा तैनात: कार्रवाई के दौरान इस क्षेत्र में जिला प्रशासन द्वारा 144 लागू किया गया था। विरोध से निपटने के लिए मौके पर छावनी, वैशाली नगर व जामुल थाने का बल तैनात रहा। निगम ने यहां कुल तीन आरोपियों के घर के अवैध निर्माण को तोड़ा। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के परिजन निगम से कार्रवाई न करने की गुहार लगाते रहे हालांकि निगम प्रशासन द्वारा अवैध कब्जों को लेकर सख्ती बरती गई और कार्रवाई की गई।

विधायक रिकेश ने कहा- अपराधी हो जाएं सतर्क: कार्रवाई के बाद विधायक रिकेश सेन ने अपराधियों को चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि वैशाली नगर विधानसभा सभा में अपराध व अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। 22 जनवरी को मैने कहा था कि आरोपियों के अवैध कब्जों पर बुलडोजर चलेगा और आज कार्रवाई गई।

विधायक रिकेश ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि अपराधी यह जान लें कि वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र में अपराध करना तो दूर उसके बारे में सोचना भी नहीं हैं। यह विष्णुदेव साय की सरकार है और यहां अपराध व अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। किसी भी तरह का अपराध करेंगे तो उनके घर पर बुलडोजर चलेगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button