देश-दुनियाफीचर्ड

11 दिन में तीसरी बार एक करोड़ पार, वैक्सीनेशन में भारत का नया रिकॉर्ड, अब तक कुल 69.68 करोड़ को लगा वैक्सीन

नईदिल्ली (ए)। भारत में कोरोना वैक्सीनेशन ने रफ्तार पकड़ ली है। 11 दिन के अंदर तीसरी बार देश में एक करोड़ से ज्यादा लोगों को कोरोना का टीका लगाया जा चुका है। इससे पहले 27 अगस्त और फिर 31 अगस्त को भी एक दिन में एक करोड़ से ज्यादा लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया था। इस तरह भारत में अभी तक कुल 69.68 करोड़ लोग कोरोना का टीका लगवा चुके हैं। बता दें कि सोमवार को टीकाकरण का 234वां दिन था।

पांच दिन में दो बार हुआ था एक करोड़ से ज्यादा टीकाकरण

बता दें कि कोरोना के खिलाफ लड़ाई में टीकाकरण ही सबसे बड़ा हथियार है। इसलिए सरकार की पूरी कोशिश है कि अधिक से अधिक लोगों को कोरोना का टीका लगाया जाए। इस क्रम में हर दिन अधिक से अधिक लोगों का वैक्सीनेशन किया जा रहा है। 27 अगस्त को स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक कुल 1 करोड़ 64 हजार 32 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया था।

वहीं इसके कुछ ही दिनों बाद यानी 31 अगस्त को एक दिन में सबसे ज्यादा वैक्सीनेशन के पिछले ही रिकॉर्ड को ध्वस्त करते हुए करीब 1.09 करोड़ लोगों ने कोरोना का टीका लगवाया था। इस तरह से सिर्फ पांच दिन के अंदर ही दो बार एक करोड़ लोगों का टीकाकरण हो गया था।

नकली टीके को लेकर बरती जा रही है सावधानी
केंद्र ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ ऐसे मापदंड साझा किये हैं जिससे राष्ट्रीय कोविड-19 टीकाकरण कार्यक्रम के सेवा प्रदाताओं और निगरानी टीमों को किसी भी नकली कोविड-19 टीकों की पहचान करने में सक्षम बनाया जा सके और उन्हें देश में लगने से रोका जा सके। यह कदम डब्ल्यूएचओ के दक्षिण-पूर्व एशिया और अफ्रीका क्षेत्र में पहचाने जा रहे नकली कोविशील्ड टीके पर चिंता जताये जाने की पृष्ठभूमि में आया है।

Related Articles

Back to top button