खास खबरछत्तीसगढ़फीचर्ड

2 पद्मश्री, पूर्व आईएएस, राज्य अलंकरण से पुरस्कृत छग के 13 कलाकार और अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त हस्तियों समेत सैकड़ों लोगों ने ली भाजपा की सदस्यता

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी की रीति-नीति से प्रभावित होकर गुरुवार को छत्तीसगढ़ की जानी-मानी हस्तियों ने सैकड़ों साथियों-प्रशंसकों के साथ भाजपा प्रवेश किया। भाजपा में प्रवेश करने वालों में पद्मश्री सम्मान प्राप्त हस्तियां, पूर्व आईएएस, समाज प्रमुख, जन प्रतिनिधि, किसान, छात्र, अधिवक्ता, फिल्म प्रोड्यूसर, डायरेक्टर, प्रोडक्शन मैनेजर, व्यापार जगत की मशहूर हस्तियां, राज्यअलंकरण पुरस्कार से पुरस्कृत और अंतरराष्ट्रीय ख्यति प्राप्त छत्तीसगढ़ी लोककला के अग्रणी कलाकार शामिल हैं।

गुरुवार को भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में हुए एक भव्य समारोह में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव,प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मी वर्मा, प्रदेश महामंत्री द्वय केदार कश्यप व विजय शर्मा, सांसद सुनील सोनी, विधायक बृजमोहन अग्रवाल, राजेश मूणत,प्रदेश मंत्री किशोर महानंद, सहित वरिष्ठ नेतागण उपस्थित थे।

भाजपा प्रवेश करने वालों में विभिन्न विधाओं के राज्य अलंकरण पुरस्कार से सम्मानित हस्तियां, पद्मश्री राधेश्याम बारले के नेतृत्व में, दुर्ग संभाग के 169 कलाकारों के साथ ही रायपुर संभाग के लगभग 100 व बिलासपुर संभाग के 28 कलाकारों सहित 309 कलाकारों ने भाजपा प्रवेश किया। इसी तरह पद्मश्री अनुज शर्मा के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ फिल्म इंडस्ट्रीज के एक दर्जन कलाकारों और आधा दर्जन प्रोड्यूसर, डायरेक्टर, प्रोड्क्शन मैनेजर , एक दर्जन कृषकों सहित 52 लोगों ने भाजपा प्रवेश किया जिनमें छात्र, व्यापारी और अधिवक्ता भी शामिल हैं।

भाजपा शामिल होने वालों में अनेक जिलों के कलक्टर रहे, पूर्व संयुक्त सचिव, एडमिनिस्ट्रेटिव रिफार्म्स कमीशन के पूर्व सेक्रेटरी राजपाल सिंह त्यागी भी शामिल हैं। अखिल भारतीय मरार, माली, कुशवाहा, मौर्य, सैनी महासभा छत्तीगढ़ के प्रदेशाध्यक्ष राजेन्द्र नायक पटेल के नेतृत्व में पिछड़ा वर्ग के रायपुर संभाग के 28 समाज प्रमुखों ने भाजपा में प्रवेश लिया।

रायपुर संभाग के गोंड आदिवासी समाज के प्रमुख युवा समाजसेवी विजय ध्रुव के नेतृत्व में धमतरी-सिहावा क्षेत्र के साहू समाज, निषाद समाज, सेन समाज, कुर्मी समाज और अनुसूचित जाति वर्ग के 35 युवाओं ने भाजपा की सदस्यता ली।

रायपुर नगर निगम के निर्दलीय पार्षद अमर बंसल के नेतृत्व में 28 समाजसेवियों ने भी भाजपा का दामन थामा। स्वामी कृष्ण प्रपन्नाचार्य, हाईकोर्ट एडवोकेट निशांत श्रीवास्तव, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सेवानिवृत्त शासकीय सेवक अभनपुर क्षेत्र के ईश्वरलाल साहू, रायपुर के अधिवक्ता त्रय दीनबंधु गौर, प्रवीण पाल व रामकृष्ण ध्रुव ने भी भाजपा की सदस्यता ली।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष श्री साव ने इस अवसर पर भाजपा की सदस्यता लेने वाले सभी गणमान्य लोगों का अभिनंदन करते हुए कहा कि आज का यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ में भाजपा के लिए शुभ संकेतों का प्रारंभ है और इस बात पर मुहर भी है कि प्रदेश में कांग्रेस और उसकी सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। प्रदेश के लोग कांग्रेस के कुशासन से बेहद त्रस्त हो चले हैं और अब वे भारतीय जनता पार्टी की ओर विश्वास भरी नजरों से निहार रहे हैं।

श्री साव ने कहा कि प्रदेश का जनमानस भाजपा की रीति-नीति, कार्यक्रमों और विचारधारा से प्रभावित हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केन्द्र सरकार के 9 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों व सुशासन ने देशवासियों के भीतर विश्वास उत्पन्न किया है, जबकि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार ने वादाखिलाफी, घोटाले और भ्रष्टाचार करके छत्तीसगढ़ को कुशासन दिया है और प्रदेश में चहुं ओर असुरक्षा व अविश्वास का वातावरण निर्मित किया है। श्री साव ने कहा कि भाजपा के सुशासन से प्रभावित होकर कांग्रेस के कुशासन को उखाड़ फेंकने के लिए प्रदेश का मतदाता कृतसंकल्पित हो गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button