दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

जमीन की पैदावार बढ़ाने किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों के लिए करें प्रेरित: कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी

दुर्ग। कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने पंचायत के माध्यम से संचालित शासन की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान उन्होंने मनरेगा, एनआरएलएम (राष्ट्रीय ग्रामीण अजीविका मिशन), स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), 15वीं वित्त योजना, मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना, प्राधिकरण जिला पंचायत विकास निधि, मुख्यमंत्री आंतरिक गली विद्युतीकरण, स्कूल जतन योजना इत्यादि योजनाओं के बारे में अधिकारियों से चर्चा की। जिले के निम्नांकित कार्यों को प्राथमिक तौर पर शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

मनरेगाः कलेक्टर ने मनरेगा के अंतर्गत शासन की योजनाओं पर आधारित अधूरे कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अंतर्गत उन्होंने वृक्षारोपण, तालाब गहरीकरण व सड़क निर्माण इत्यादि कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने को कहा।

स्कूल जतन योजनाः सड़क किनारे के शालाओं की सुरक्षा को देखते हुए प्राथमिकता के आधार पर आवश्यकतानुसार बाउण्ड्रीवाॅल बनाए जाने के निर्देश दिए। इसके अलावा पानी और शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

एन.आर.एल.एम. (राष्ट्रीय ग्रामीण अजीविका मिशन)ः उन्होंने आश्रित गांव में हितग्राहियों के जमीन पर कार्य करने एवं जिन पंचायतों का अप्रारंभ कार्य है, वहां कार्य को शीघ्र प्रारंभ कर पूर्ण करने को कहा। मनरेगा से संबंधित कार्य के बारे में जानकारी हर पंचायत को होना आवश्यक है।

नल जल योजनाः समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने ग्राम पंचायतों के घर-घर में सोकपीट का निर्माण कराए जाने एवं नलकूपों को रिचार्ज किये जाने की पहल करने को कहा।

स्वच्छ भारत अभियानः कलेक्टर ने स्वच्छ भारत अभियान तहत् ग्राम पंचायतों में घर-घर कचरा इकट्ठा करने का कार्य सुनिश्चित करने एवं इसके लिए स्वच्छताग्राही के कार्यों को प्रोत्साहित करने के साथ पुरूष्कृत किया जाना भी सुनिश्चित करने कहा।

प्रधानमंत्री आवास योजनाः कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा के दौरान संबंधित को निर्देश देते हुये कहा कि आवास का कार्य शीघ्र पूर्ण करें।

उन्होंने सभी विकासखण्ड अधिकारियों से कहा कि सप्ताह में 2 बार ग्राम पंचायतों का निरीक्षण करें तथा जो भी समस्या है, उसका शीघ्र निराकरण करें। संवेदनशील ग्राम पंचायतों में विशेष रूप से नोडल अधिकारी नियुक्त किये जाएं और योजनाओं का लाभ दिया जाये।

कलेक्टर ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी अश्वनी देवांगन को लगातार फील्ड विजिट एवं माॅनिटरिंग करने को कहा। उन्होंने शासन की योजनाओं तथा अजीविका की गतिविधियों को सतत् और सुचारू रूप से चलाने हेतु रूटचार्ट के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए। इसके अलावा पंचायतों में शासन की योजनाओं पर आधारित जो भी कार्य हो रहे है, उन कार्यों का भुगतान समय सीमा में करने को कहा।

ज्यादातर ग्रामीणों की रोजी-रोटी उनके मानदेय पर निर्भर हाती है, इसलिए भुगतान को लेकर किसी प्रकार विलंब न हो, इस बात पर विशेष ध्यान दिया जाए। यह भी स्पष्ट किया कि प्रशासनिक लापरवाही से भुगतान में विलंब होने पर संबंधित व्यक्ति या सदस्य पर कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा उन्होंने विकासखण्ड अधिकारी से समय-समय पर योजना के अंतर्गत प्रगतिरत कार्यों के संबंध में स्थल का निरीक्षण करते रहने को कहा।

कलेक्टर ने पंचायत स्तर पर वृक्षारोपण के कार्य को प्राथमिकता से करने के निर्देश दिये। ज्यादातर किसानों के लाभ के लिए फलदार वृक्ष लगाया जाएं। जिसमें अश्वगंधा, आंवला, टीम्बर ट्री व अन्य औषधियों के पौधे लगाए जाने को कहा।

उन्होंने जिले में भूमिगत जल स्तर बढ़ाने के क्षेत्र में तालाब गहरीकरण एवं अन्य प्रमुख कार्य वर्षा के पूर्व पूर्ण करने कहा। जिसमें व्यक्तिगत कुंआ, फार्म, पांड और सिचाई नाली के निर्माण किया जाना सुनिश्चित करने और इसके साथ ही सूखाग्रस्त पंचायतों में वाॅटर रिचार्ज व वाॅटर हारवेस्टिंग का कार्य किया जाना सुनिश्चित करने कहा।

कलेक्टर ने पशु चिकित्सा विभाग के अंतर्गत आने वाले योजनाओं का लाभ ग्रामीणों को दिया जाना सुुनिश्चित करने कर उनकी मांग के आधार पर पशुओं को देख-रेख हेतु शेड व अजोला टैंक का निर्माण किए जाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला पंचायत, जनपद पंचायत के साथ सभी विकासखण्डों के अधिकारी मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button