खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नामांकन दाखिल करने की तारीख हुई तय, पर्चा भरने से पहले करेंगे रोड शो

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी लोकसभा सीट से 14 मई को नामांकन पर्चा दाखिल करेंगे। इससे पहले 13 मई को वाराणसी में रोड शो भी करेंगे। बता दें कि वाराणसी लोकसभा सीट पर एक जून को वोटिंग होगी…

वाराणसी (ए)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी लोकसभा सीट से 14 मई को नामांकन पर्चा दाखिल करेंगे। इससे पहले 13 मई को वाराणसी में रोड शो भी करेंगे। बता दें कि वाराणसी लोकसभा सीट पर एक जून को वोटिंग होगी।

10 मई से वाराणसी में डेरा डालेंगे शीर्ष नेता
पार्टी प्रधानमंत्री मोदी की जीत को ऐतिहासिक बनाने के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ेगी। भाजपा के राष्ट्रीय और प्रदेशों के नेता मई के दूसरे सप्ताह से वाराणसी पहुंचना शुरु हो जाएंगे। यहां छोटी-छोटी जनसभाएं करेंगे, पन्ना प्रमुखों के साथ बैठकें करेंगे और मतदाताओं से संपर्क भी करेंगे। इसके अलावा समाज के अलग-अलग लोगों के साथ बैठकें की जाएगी।

नेता-कार्यकर्ता की सूची हो रही तैयार
बनारस पहुंचने वाले नेताओं की सूची भी तैयार की जा रही है और कार्यकर्ताओं से भी सूची मांगी जा रही है। प्रधानमंत्री के रोड शो को भव्य बनाने के लिए भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल और गुजरात से आए जगदीश पटेल ने बैठकें शुरू कर दी हैं। इसमें महिला मोर्चा की भी प्रमुख भूमिका रहने वाली है।

एक दिन पहले सभी शीर्ष नेता पहुंचेंगे वाराणसी
महिलाओं के ग्रुप के अलावा, युवा बाइकों से भी रहेंगे और नामाकंन के एक दिन पहले सभी शीर्ष नेता भी वाराणसी पहुंच जाएंगे। इसके बाद कुछ नेता मतदान तक बनारस में ही प्रवास करेंगे और यहां चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी संभालेंगे।

महिला नेताओं को विशेष जिम्मेदारी
वहीं कुछ महिला नेताओं की एक सूची भी तैयार की जा रही है, अंतिम सप्ताह में कुछ छोटी-छोटी जनसभाएं अपना दल की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल से भी कराई जाएंगी और ग्रामीण क्षेत्र में सुभासपा के ओमप्रकाश राजभर जनसभाएं करेंगे। इसी बीच रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव भी जनसभाओं को संबोधित करेंगे।
वाराणसी में पीएम को मिलेगी इनसे टक्कर
इंडिया गठबंधन की ओर से पीएम मोदी को इस बार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय से टक्कर मिलेगी। वहीं, बहुजन समाज पार्टी ने सैयद नियाज अली मंजू को उम्मीदवार घोषित किया है। बसपा ने इससे पहले अतहर जमाल लारी को टिकट दिया था लेकिन, उनका टिकट काटकर अब सैयद नियाज अली को मौका दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button