खास खबरछत्तीसगढ़फीचर्ड

आप सभी का आशीर्वाद बना रहे, आपसे मिली ताकत से ही मोदी की गारंटी को पूरा करेंगे: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने जन्मदिन के अवसर पर गृह ग्राम बगिया में आयोजित आशीर्वाद समारोह में कहा कि आज सभी का आशीर्वाद, प्यार, स्नेह पाकर खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहा हूँ। आपसे मिले स्नेह के इस ऋण को चुकाने के लिए मेरे पास शब्द भी नहीं है। आपका आशीर्वाद हमेशा मिलता रहेगा, यही कामना है। उन्हांेने कहा कि आप सभी मेरी ताकत हैं और यही ताकत राज्य में मोदी की गारंटी को पूरा करेगी। राज्य को विकास की राह पर ले जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित विशिष्टजनों का आशीर्वाद और शुभकामनाएं पाकर अभिभूत हूं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि जन्मदिन के अवसर पर हमेशा अपने पैतृक निवास में परिवार और मित्रों के बीच रहकर अनुष्ठान में शामिल होने की परंपरा निभाता आया हूं, जो आज भी कायम रही। आज मुझे दूरदराज के जिलों से भी जन्मदिन की बधाई देने लोग आए थे। उन सभी का अभिनन्दन है। उन्होंने अपने जन्मदिन के इस खास मौके पर ग्राम बगिया स्थित निवास में अपनी माता श्रीमती जसमनी साय से आशीर्वाद लिया। उनकी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या देवी साय ने उनका आरती की थाल से स्वागत किया, मिठाई खिलाई और उनके दीर्घायु होने की कामना की। मुख्यमंत्री श्री साय ने इस मौके पर अपने निवास में अपने गुरु श्री धनपति पंडा की सपरिवार पूजा भी की।

बगिया के लाल के जन्मदिन पर के मौके पर उन्हें अपने बीच पाकर गांव के लोग खुशी से झूम उठे। आस-पास के गांवों से बड़ी संख्या में आए लोगों जिसमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे, बारी-बारी से फूल देकर मुख्यमंत्री को जन्मदिन की बधाई दी। कई लोगो ने उनका अभिनन्दन कर उनके साथ सेल्फी भी ली।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को जन्म दिन की बधाई देने देर रात तक पहुना में लगा रहा लोगों का तांता: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के जन्म दिन की बधाई देने पहुना में देर रात तक बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने भी पहुना में उनसे भेंटकर बधाई एवं शुभकामनाएं दी। इस मौके पर सामाजिक, व्यापारिक, औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि भी मुख्यमंत्री को बधाई देने पहुना पहुंचे। मुख्यमंत्री श्री साय ने इस मौके पर लोगों से बड़ी आत्मीयता से मुलाकात की और उनका कुशलक्षेम पूछा और उन्हें धन्यवाद दिया। मुख्यमंत्री ने नागरिकों के आग्रह पर केक काटकर जन्मदिन की खुशियां साझा की। इस मौके पर उन्हें फलों से तौला गया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को उप मुख्यमंत्री अरूण साव, विजय शर्मा, शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, ने जन्म दिन की बधाई दी।

नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद देवेन्द्र प्रताप सिंह, विधायक धर्मलाल कौशिक, पुन्नूलाल मोहले, किरण सिंहदेव, धरमजीत सिंह, गोमती साय, भावना बोहरा, अनुज शर्मा, संपत अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, रामकुमार यादव, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, पूर्व मंत्रियों, विधायकों सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को बधाई दी।

विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि मंडल ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उन्हें जन्मदिन की बधाई और शुभकामनाएं दी। इनमें राजपत्रित अधिकारी संघ, कोटवार संघ, राष्ट्रीय सिक्ख संगठन, रायपुर इस्कॉन, रायपुर साहू समाज, रजक समाज, छत्तीसगढ़ ब्राह्मण सेवा समिति सहित अनेक संगठनों के प्रतिनिधि मंडल शामिल हैं।

मुख्यमंत्री श्री साय को उनके जन्मदिवस पर भारती बंधु और पंडवानी गायिका उषा बारले ने भी बधाई दी। इस मौके पर विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने राम दरबार का मॉडल, रामलला का चित्र, रामचरित मानस और उनका पोट्रेट भी भेंट किया। शांति सरोवर की बहनों ने भी सविता दीदी के नेतृत्व में भेंटकर मुख्यमंत्री को तिलक लगाकर आरती उतारी और जन्म दिवस की बधाई दी। सिक्ख समाज की ओर से मुख्यमंत्री को उनके जन्म दिवस पर सरोपा भेंटकर बधाई दी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने जन्म दिवस के अवसर पर पहुना में खाटू श्याम बाबा की पूजा अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली और समृद्धि की कामना की। पहुना में आज श्याम दरबार लगाया गया और श्याम संकीर्तन का आयोजन भी किया गया। भजन गायक राजेश शर्मा और अभिषेक गर्ग भजन संध्या में भजन प्रस्तुत किया। खाटू श्याम दरबार राजस्थान के महाराज श्याम सिंह चौहान और सूरजगढ़ के महाराज ओम प्रकाश इंदौरिया भी इस मौके पर उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button