ग्रामबड़ेधौसा-मानकोट-उपरकोटगांव-जिक्लामारी के मध्य जंगल पहाड़ी क्षेत्र से 07 नग कुकर आईईडी, 02 नग पाईप बम, अन्य नक्सल सामाग्री बरामद…डीआरजी, जिला पुलिस बल, बीएसएफ एवं बीडीएस टीम की संयुक्त कार्यवाही…बरामद विस्फोटक सामग्री को बीडीएस टीम द्वारा सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए मौके पर ही डिफ्यूज कर नष्ट किया गया…
कांकेर। सुन्दरराज पी, पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज के मार्गदर्शन तथा निखिल कुमार राखेचा, पुलिस अधीक्षक कांकेर के निर्देशन में जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान लगातार प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। नक्सलियों के विरुद्ध सघन सर्चिंग अभियान के साथ-साथ उनके द्वारा पूर्व में लगाए गए IED एवं छुपाकर रखी गई सामग्री की बरामदगी हेतु निरंतर कार्यवाही की जा रही है।
इसी क्रम में डीआरजी, जिला पुलिस बल एवं बीडीएस टीम द्वारा थाना आमाबेड़ा, कोरर, कांकेर एवं ताड़ोकी क्षेत्रांतर्गत ग्राम बड़ेधीसा, मानकोट, उपरकोटगांव एवं जिवलामारी के जंगल-पहाड़ी क्षेत्रों में संयुक्त सर्चिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने जंगल क्षेत्र से भारी मात्रा में नक्सली सामग्री बरामद की, जिसमें 07 नग 05-05 किलो प्रेशर कुकर IED, 02 नग पाइप बम, 01 नग कोडेक्स वायर,03 बंडल वर्दी कपड़ा, 07 बंडल इलेक्ट्रिक वायर सहित अन्य नक्सली उपयोग की सामग्री शामिल है। बरामद विस्फोटक सामग्री को बीडीएस टीम द्वारा सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए मौके पर ही डिफ्यूज कर नष्ट किया गया।
उक्त कार्यवाही में उप पुलिस अधीक्षक (नक्सल ऑप्स ) गिरिजा शंकर साव, उप पुलिस अधीक्षक (डीआरजी ) अविनाश कुमार ठाकुर, डीआरजी कमांडर बलराम उसेंडी, चंद्रशेखर ठाकुर एवं अन्य डीआरजी, जिला पुलिस बल, बीएसएफ की संयुक्त टीम शामिल रही।
कांकेर पुलिस द्वारा नक्सल विरोधी अभियान लगातार जारी है तथा क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु प्रभावी कार्यवाही की जा रही है।
कांकेर पुलिस द्वारा नक्सल संगठन से जुड़े सक्रिय, निष्क्रिय एवं भटके हुए सदस्यों से अपील की जाती है कि वे हिंसा, भय और अवैध गतिविधियों का रास्ता छोड़कर शासन की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति का लाभ उठाएं। मुख्यधारा से जुड़कर सम्मानजनक जीवन व्यतीत करें तथा अपने परिवार एवं समाज के उज्ज्वल भविष्य हेतु आगे आएं।

















