भिलाई। बढ़ती उम्र के साथ बुजुर्गों को सुरक्षित, सुविधाजनक और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अग्रसेन धाम- वरिष्ठ नागरिक आवास (Senior Living Home) पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। अग्रसेन ग्रुप्स ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन एवं संचालक राजेंद्र अग्रवाल की पहल से ऐसे सर्वसुविधायुक्त आवास विकसित किए जा रहे हैं, जहां बुजुर्गों को स्वास्थ्य, सुरक्षा, भोजन, मनोरंजन, व्यायामशाला, एसी रूम, जैसी मूलभूत सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हो सकें। इन योजनाओं का उद्देश्य उन वरिष्ठ नागरिकों को सहारा देना है, जो अकेले जीवन व्यतीत कर रहे हैं या जिन्हें नियमित देखभाल की आवश्यकता है।
संचालक राजेंद्र अग्रवाल ने बताया कि वरिष्ठ नागरिक आवास परिसरों में रहने वाले बुजुर्गों के लिए विशेष चिकित्सा सुविधाएं, आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं, योग एवं व्यायाम केंद्र, पुस्तकालय, पर्सनल रूम और मनोरंजन गतिविधियों की व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा परिसर में 24 घंटे सुरक्षा व्यवस्था और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। ऐसे आवास बुजुर्गों को मानसिक और सामाजिक रूप से सक्रिय बनाए रखने में भी मददगार साबित होंगे।
संचालक ने बताया कि सिनियर लिविंग रूम के लिए अभी से छत्तीसगढ़ के कई शहरों के साथ साथ महाराष्ट्र और ओडिशा से भी लोग लगातार संपर्क में है और जानकारी लेकर अपनी रुचि दिखा रहे है। जल्द ही 12.5 एकड़ भूमि में 100 सर्व सुविधायुक्त एसी कमरों सहित एक लाख वर्ग फीट भवन जरूरतमंद बुजुर्गों के लिए उपलब्ध होगा। यह छत्तीसगढ़ राज्य का पहला प्रीमियम सीनियर लिविंग कम्युनिटी होगा।
संचालक ने बताया कि निर्माण कार्य प्रगति पर है, हमारा उद्देश्य है कि वृद्धजन सम्मानपूर्वक जीवन जी सकें और उन्हें किसी प्रकार की असुरक्षा या उपेक्षा का सामना न करना पड़े।बदलती पारिवारिक व्यवस्था और एकल परिवारों के बढ़ते चलन के बीच वरिष्ठ नागरिक आवास की आवश्यकता महसूस हो रही है। ऐसे आवास न केवल बुजुर्गों को सुरक्षित वातावरण देते हैं, बल्कि उन्हें सामाजिक जुड़ाव और आत्मविश्वास भी प्रदान करते हैं।
बुजुर्गों के लिए बेहतर आवास और सुविधाएं सुनिश्चित करेंगे, ताकि वे अपने जीवन का अंतिम पड़ाव सम्मान और आत्मनिर्भरता के साथ व्यतीत कर सकें।


















