दुर्ग। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत आवास निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में राज्य के सभी जिलों को 2677.15 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। यह राशि केंद्र और राज्यांश मद से SNA स्पर्श मॉड्यूल के माध्यम से आवंटित की गई है, जिससे पात्र हितग्राहियों के खातों में राशि सीधे और पारदर्शी तरीके से पहुंच सकेगी।
इसी क्रम में दुर्ग जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 2409 लाभार्थियों की किस्तों के भुगतान के लिए 7 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी किए गए हैं। राशि लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी (प्रत्यक्ष लाभ अंतरण) के माध्यम से भेजी जाएगी, जिससे स्वीकृत आवासों का निर्माण समय पर पूरा हो सके।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी बजरंग दुबे ने बताया कि जिले में कुल 38829 आवास स्वीकृत हैं। इनमें से 35856 आवास पूर्ण हो चुके हैं, जो लगभग 92 प्रतिशत है। वर्तमान में वित्तीय वर्ष 2024–26 में 1400 से अधिक आवास निर्माणाधीन हैं।
उन्होंने बताया कि निर्माणाधीन आवासों को जल्द पूरा कराने के लिए लाभार्थियों से लगातार संपर्क किया जा रहा है तथा उन्हें प्रोत्साहित भी किया जा रहा है।
जिले में धमधा विकासखंड में 860 हितग्राहियों को 2 करोड़ 62 लाख, दुर्ग में 948 हितग्राहियों को 2 करोड़ 81 लाख एवं पाटन में 601 हितग्राहियों को 1करोड़ 69 लाख रुपए जारी की गई है।आवास निर्माण की प्रगति के अनुसार आगे की किस्तें भी प्रदान की जाएंगी।

















