भिलाई 03। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भिलाई चरोदा क्षेत्र के उमदा के समुदायिक भवन में अनुविभाग स्तरीय तीन दिवसीय वृहद पंजीयन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा पात्र हितग्राहियों का पंजीयन किया गया।
आयोजन की जानकारी देते हुए निगम आयुक्त दशरथ सिंह राजपूत ने कहा कि केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में हमारे निगम क्षेत्र में तीन दिवसीय वृहद पंजीकरण और जनकल्याणकारी शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, जो कि प्रातः 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक रहेगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अंतिम पायदान तक के नागरिकों को केंद्र सरकार की योजनाओं से जोड़ना, नए पंजीयन करना और त्रुटियों का त्वरित समाधान करना है।
शुक्रवार को कार्यक्रम की शुरुआत मां शारदा के तैल चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। नगर पालिक निगम भिलाई-चरौदा के नेता प्रतिपक्ष राम खिलावन वर्मा ने उपस्थितजनों को संबोधित कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र की मोदी सरकार ने गरीब, किसान, महिला, युवा एवं वंचित वर्ग के उत्थान के लिए अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की हैं। इन योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से विशेष पंजीयन शिविर आयोजित किया गया है।
शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, जनधन योजना, स्वच्छ भारत मिशन सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। पात्र नागरिकों के आवेदन भरवाए गए तथा दस्तावेजों का सत्यापन कर पंजीयन प्रक्रिया पूरी की गई।
भाजपा चरोदा मंडल अध्यक्ष गौरी शंकर ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों और योजनाओं से देश के विकास को नई गति मिली है। डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत, मेक इन इंडिया और आधारभूत संरचना के विकास जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं, जिनका लाभ आम जनता को मिल रहा है। शिविर में उपस्थित नागरिकों ने योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर पंजीयन कराया।
निगम आयुक्त ने शिविर में अपना शुगर और बीपी चेक करवाया जो कि नार्मल था। कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष राम खिलावन वर्मा, चरोदा मंडल अध्यक्ष गौरी शंकर, पार्षद चंद्र प्रकाश पाण्डेय, प्रेमलता चंद्राकर, नंदिनी जांगड़े, आशीष दीप्ति वर्मा, पूर्व पार्षद बहल राम साहू, वेद प्रकाश पाण्डेय, भिलाई 03 एसीएम महेश सिंह राजपूत, भिलाई चरोदा निगम आयुक्त दशरथ सिंह राजपूत, तहसीलदार रवि विश्वकर्मा, ईई रवि सिन्हा, सब इंजीनियर प्रभाकर शुक्ला सहित बड़ी संख्या में निगमकर्मी और नागरिक उपस्थित रहे।


















