शासकीय योजना के नाम पर 138 महिलाओं से करोड़ों की ठगी का पर्दाफाश, 02 मुख्य बैंक बी.सी. गिरफ्तार…शासकीय योजना और फ्री कुकर का प्रलोभन देकर ग्राम पिरदा की 138 महिलाओं के नाम पर फर्जी लोन निकालकर करोड़ों रुपये गबन का मामला…मुख्य आरोपी लक्ष्मीचन्द देवांगन और मनोहर जटवार दिनांक 01.07.2026 को गिरफ्तार…सिस्टम एरर की आड़ में की गई धोखाधड़ी…महिलाओं को गुमराह कर बायोमेट्रिक मशीन में ‘सिस्टम एरर’ का बहाना बनाकर धोखे से एक ही महिला का 3-4 बार फिंगरप्रिंट लिया गया और मोबाइल ओटीपी प्राप्त कर बिना उनकी सहमति के फर्जी लोन कराया गया पास…दोनों मुख्य आरोपियों ने महिलाओं से सीधा संपर्क किए बिना, पर्दे के पीछे रहकर अपनी बीसी (BC) आईडी का दुरुपयोग किया और करोड़ों की राशि आहरित कर गबन की…महिलाओं को लालच देकर फिंगरप्रिंट लेने वाले मुख्य एजेंट (सुदर्शन साहू) मास्टरमाइंड को पूर्व में ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है…
महासमुंद। थाना बसना के अपराध क्रमांक 137/2025 (धारा 318(4), 238, 61(2), 317(4) बी.एन.एस.) के तहत पुलिस ने महिलाओं के नाम पर फर्जी लोन निकालने वाले सिंडिकेट के एजेंट सुदर्शन साहू को पूर्व में गिरफ्तार करने के बाद, अब इस नेटवर्क में बैंक आईडी का दुरुपयोग करने वाले मुख्य बीसी (BC) को भी पकड़ लिया है।
दिनांक 01/04/2025 को प्रार्थिया रजनी देवांगन निवासी ग्राम पिरदा ने थाना उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि गांव के सुदर्शन साहू ने शासकीय योजना और फ्री कुकर का लालच देकर उसका व गांव की अन्य महिलाओं का आधार कार्ड लिया था। बायोमेट्रिक मशीन में ‘सिस्टम एरर’ का बहाना बनाकर धोखे से एक ही महिला का 3-4 बार फिंगरप्रिंट लिया गया। बाद में भारत फाइनेंस के कर्मचारियों द्वारा लोन की किश्त मांगने पर महिलाओं को पता चला कि उनके नाम पर बिना उनकी सहमति के 50,450 रुपये और 58,000 रुपये के लोन निकाल लिए गए हैं।
विवेचना एवं बैंक दस्तावेजों की सूक्ष्म जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि इंडसलैंड बैंक के बीसी (बिजनेस करसस्पांडेंट) लक्ष्मी चन्द देवांगन और मनोहर जटवार ने सुदर्शन साहू साथ मिलकर इस सुनियोजित आपराधिक षड्यंत्र को अंजाम दिया। विवेचना में यह भी स्पष्ट रूप से प्रमाणित हुआ है कि आरोपियों द्वारा आपराधिक षड्यंत्र कर प्रार्थिया के अलावा ग्राम पिरदा की 138 अन्य महिलाओं से भी ठीक इसी प्रकार की धोखाधड़ी की गई है।
बसना पुलिस इस करोड़ों की ठगी को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही थी की आज दिनांक 01-07-2026 को थाना बसना पुलिस टीम द्वारा मुख्य आरोपी लक्ष्मीचन्द देवांगन और मनोहर जटवार को अभिरक्षा में लेकर सघन पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। प्रकरण में बैंक कर्मचारियों संलिप्तता के संबंध विवेचना जांच जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:
(दिनांक 1.7.2026 को गिरफ्तार मुख्य आरोपी)
1- लक्ष्मी चन्द देवांगन पिता माधव राम देवांगन, उम्र 40 वर्ष, निवासी पिरदा, थाना बसना (मुख्य साजिशकर्ता एवं बैंक बीसी)।
2- मनोहर जटवार पिता रेशम लाल जटवार, उम्र 33 वर्ष, निवासी तरेकेला, थाना बसना (मुख्य साजिशकर्ता एवं बैंक बीसी)।
पूर्व में गिरफ्तार अन्य आरोपी: सुदर्शन साहू (महिलाओं से आधार कार्ड और फिंगरप्रिंट इकट्ठा करने वाला मुख्य एजेंट)।
जप्त सम्पत्ती: धोखाधड़ी की घटना में प्रयुक्त बायोमेट्रिक (फिंगरप्रिंट) मशीन, घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन।


















