दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

खबर प्रकाशित होते ही कलेक्टर ने लिया संज्ञान, एक दिन में स्कूल भवन निर्माण को मिली स्वीकृति

दुर्ग। शासकीय प्राथमिक शाला खैरझिटी के जर्जर भवन को लेकर समाचार पत्र में खबर प्रकाशित होते ही कलेक्टर अभिजीत सिंह ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। कलेक्टर के निर्देश पर ग्राम पंचायत खैरझिटी से प्रस्ताव प्राप्त कर महज एक दिन में विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन (जी राम जी) योजना के तहत शासकीय प्राथमिक शाला खैरझिटी के नवीन भवन निर्माण कार्य की प्रशासनिक स्वीकृति जारी कर दी गई।

ग्राम पंचायत खैरझिटी, जनपद पंचायत धमधा द्वारा ग्राम सभा में शाला के नवीन भवन निर्माण का प्रस्ताव पारित किया गया था। प्रस्ताव प्राप्त होते ही संबंधित प्रक्रिया को प्राथमिकता से पूरा करते हुए प्रशासनिक स्वीकृति आदेश जारी किया गया। नवीन भवन निर्माण के लिए ₹16.34 लाख की स्वीकृति दी गई है, जिसमें ₹3.37 लाख मजदूरी तथा ₹13.47 लाख सामग्री मद में शामिल है।

तीन कक्षों का बनेगा नवीन शाला भवन
शासकीय प्राथमिक शाला खैरझिटी के लिए स्वीकृत नवीन भवन में तीन शाला कक्षों का निर्माण किया जाएगा। नए भवन के निर्माण से विद्यार्थियों को पर्याप्त, सुरक्षित एवं सुविधायुक्त अध्ययन कक्ष उपलब्ध होंगे। जर्जर भवन के स्थान पर बनने वाला यह नवीन भवन अध्यापन व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ विद्यार्थियों के लिए अनुकूल शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत दुर्ग ने बताया कि कलेक्टर के निर्देश के बाद शासकीय प्राथमिक शाला खैरझिटी के नवीन भवन निर्माण की प्रक्रिया को तत्काल पूरा किया गया। निर्माण कार्य की क्रियान्वयन एजेंसी ग्राम पंचायत खैरझिटी को बनाया गया है। पुराने जर्जर भवन को नियमानुसार डिस्मेंटल कर नवीन भवन निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने तथा निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए हैं।

निर्माण कार्य में गुणवत्ता एवं तकनीकी मापदंडों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

नवीन भवन की स्वीकृति पर ग्रामीणों ने जताया आभार
नवीन भवन निर्माण की स्वीकृति मिलने पर ग्रामवासियों एवं शाला प्रबंधन समिति के सदस्यों ने कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि जर्जर भवन के कारण विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती थी। समाचार प्रकाशन के बाद प्रशासन द्वारा तत्काल संज्ञान लेकर कार्रवाई करने से अब बच्चों को शीघ्र ही सुरक्षित और सुविधायुक्त स्कूल भवन मिलने की उम्मीद जगी है।

ग्रामीणों ने कहा कि महज एक दिन में ग्राम पंचायत का प्रस्ताव प्राप्त कर भवन निर्माण की स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी करना प्रशासन की संवेदनशीलता और त्वरित कार्यशैली का उदाहरण है। उन्होंने नवीन भवन निर्माण की स्वीकृति के लिए प्रशासन का धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।

ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि तीन कक्षों वाले नवीन भवन का निर्माण शीघ्र पूर्ण होने से गांव के बच्चों को पढ़ाई के लिए सुरक्षित, सुविधायुक्त और बेहतर वातावरण मिलेगा। जी राम जी योजना के माध्यम से शैक्षणिक अधोसंरचना को मजबूती मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button