BREAKING

छत्तीसगढ़फीचर्ड

IG अजय यादव ने जिला MMA के पुलिस अधिकारियों की ली बैठक, स्कूली बच्चों के साथ चटाई पर बैठकर की बात

मोहला। पुलिस महानिरीक्षक, रेंज राजनांदगांव अजय कुमार यादव द्वारा जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक कार्यालय, मोहला में जिले के समस्त थाना/चौकी प्रभारियों, प्रशिक्षु उप निरीक्षक एवं अधिकारियों की मीटिंग ली गई। बैठक में जिले में अपराध, लंबित मर्ग, साइबर अपराध, शिकायतों एवं अन्य महत्वपूर्ण प्रकरणों में त्वरित निराकरण, विवेचना की गुणवत्ता में सुधार एवं अपराध नियंत्रण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

साथ ही साइबर अपराधों की रोकथाम एवं प्रभावी निराकरण के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन देते हुए साइबर फ्रॉड के मामलों में त्वरित कार्रवाई, पीड़ितों को सहायता तथा संबंधित संस्थाओं से समन्वय स्थापित कर फ्रॉड की राशि को होल्ड/फ्रीज कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इसके पश्चात पुलिस महानिरीक्षक द्वारा थाना मोहला तथा थाना खड़गांव का निरीक्षण किया गया। इस दौरान थाना परिसर, कार्यालयीन व्यवस्था, अभिलेखों एवं विभिन्न शाखाओं के कार्यों का जायजा लिया गया तथा थाना प्रभारियों एवं पुलिस अधिकारियों को अपराध नियंत्रण, लंबित प्रकरणों के निराकरण एवं बेहतर पुलिसिंग के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इसके बाद पुलिस कैंप परवींडीह का निरीक्षण किया गया। कैंप में तैनात जवानों से मुलाकात कर उनकी ड्यूटी एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली गई तथा विषम परिस्थितियों में कर्तव्य का निर्वहन कर रहे जवानों का हौसला एवं मनोबल बढ़ाया गया।

पुलिस महानिरीक्षक द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय की समस्त शाखाओं का निरीक्षण कर कार्यालयीन कार्यप्रणाली एवं अभिलेखों का जायजा लिया गया तथा विभिन्न शाखाओं में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों से चर्चा की गई।

इसके पश्चात पुलिस महानिरीक्षक द्वारा पुलिस लाइन का निरीक्षण किया गया तथा पुलिस लाइन परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित परिसर का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाय.पी. सिंह मुख्यालय उप पुलिस अधीक्षक नेहा पवार, रक्षित निरीक्षक भुवनेश्वर कश्यप सहित जिले के समस्त थाना/चौकी प्रभारी एवं पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

पुलिस महानिरीक्षक के आकस्मिक निरीक्षण से जिले के पुलिस अधिकारियों एवं जवानों में उत्साह का संचार हुआ तथा बेहतर पुलिसिंग, अपराध नियंत्रण एवं आमजन की सुरक्षा के प्रति और अधिक प्रभावी ढंग से कार्य करने का संकल्प मजबूत हुआ।

Related Posts