नशे में स्कूल बस चलाते मिले 02 चालक, दोनों स्कूल बसें जप्त; चालकों पर धारा 185 MV Act के तहत कार्रवाई, स्कूल प्रबंधन को नोटिस…
स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही के लिए प्रातःकालीन जांच के दौरान हेरिटेज स्कूल एवं RISE N SHINE स्कूल के 02 बस चालक शराब के प्रभाव में वाहन चलाते पाए गए…
यातायात पुलिस टीम द्वारा ब्रीथ एनालाइजर से जांच कर दोनों चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई…
दोनों स्कूल बसों को जप्त कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया तथा संबंधित स्कूल प्रबंधन को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया…
चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन हेतु परिवहन विभाग तथा स्कूल प्रबंधन के विरुद्ध आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई हेतु जिला शिक्षा अधिकारी को पत्र प्रेषित किया गया…
भिलाई। स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा प्रतिदिन प्रातः 06:00 बजे से स्कूल बस एवं वैन चालकों की ब्रीथ एनालाइजर से जांच की जा रही है। इसी क्रम में दिनांक 27.08.2026 को जांच के दौरान दो स्कूल बस चालक शराब के प्रभाव में वाहन चलाते पाए गए।
यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूल बस एवं वैन चालकों की नियमित जांच की जा रही है। आज प्रातः सहायक उप निरीक्षक रेमन साहू एवं यातायात टीम द्वारा की गई जांच के दौरान हेरिटेज स्कूल एवं RISE N SHINE स्कूल की बसों के चालकों का ब्रीथ एनालाइजर से परीक्षण किया गया, जिसमें शराब का सेवन पाया गया।
नशे की स्थिति में स्कूली वाहन चलाना बच्चों एवं अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा के लिए गंभीर जोखिम उत्पन्न करता है। यातायात पुलिस द्वारा तत्काल दोनों स्कूल बसों को जप्त कर संबंधित चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए प्रकरण न्यायालय भेजा गया।
इसी अभियान के दौरान एक अन्य भारी वाहन चालक को भी नशे की हालत में वाहन चलाते पाए जाने पर उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।
मॉडस ऑपरेंडी (अपराध करने का तरीका)
नशे की अवस्था में वाहन चलाकर सड़क पर परिचालन किया जा रहा था। ब्रीथ एनालाइजर से जांच के दौरान चालकों के शराब के प्रभाव में होने की पुष्टि होने पर नियमानुसार कार्रवाई की गई।
जप्त सामग्री
1. हेरिटेज स्कूल की 01 स्कूल बस।
2. RISE N SHINE स्कूल की 01 स्कूल बस।
3. नशे की स्थिति में पाए गए एक अन्य भारी वाहन पर नियमानुसार कार्रवाई।
सराहनीय कार्य
उक्त कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक रेमन साहू एवं यातायात पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस सभी स्कूल संचालकों एवं प्रबंधन से अपील करती है कि स्कूली बच्चों के परिवहन में लगे प्रत्येक चालक की नियमित रूप से जांच कर यह सुनिश्चित करें कि चालक किसी भी प्रकार के नशे के प्रभाव में वाहन न चलाए। अभिभावक भी बच्चों की सुरक्षित आवाजाही के संबंध में जागरूक रहें तथा किसी चालक के नशे में वाहन चलाने की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। सड़क सुरक्षा एवं बच्चों की सुरक्षा से संबंधित नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस की जांच एवं वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।











































