BREAKING

खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

पीएम मोदी ने 7, लोक कल्याण मार्ग स्थित अपने आवास पर स्कूली बच्चों के साथ मनाया रक्षा बंधन का त्योहार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “रक्षाबंधन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। यह पावन पर्व आप सभी के जीवन में खुशहाली, समृद्धि और सफलता लेकर आए। स्नेह, अपनत्व और आपसी विश्वास की डोर सदैव अटूट बनी रहे, यही कामना है…

 

नईदिल्ली (ए)। भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का प्रतीक रक्षाबंधन आज शुक्रवार को पूरे देश में बड़े उत्साह और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और कई केंद्रीय मंत्रियों ने सोशल मीडिया के माध्यम से देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “रक्षाबंधन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। यह पावन पर्व आप सभी के जीवन में खुशहाली, समृद्धि और सफलता लेकर आए। स्नेह, अपनत्व और आपसी विश्वास की डोर सदैव अटूट बनी रहे, यही कामना है।”

रक्षाबंधन का त्योहार पूरे देश में धूमधाम से मनाया जा रहा है। रक्षा बंधन भाई-बहन के पवित्र प्रेम, स्नेह और एक-दूसरे की रक्षा करने के संकल्प का त्योहार है। हर साल की तरह इस साल भी पीएम मोदी ने स्कूल में पढ़ने वाली छोटी बच्चियों से राखी बंधवाई। पीएम मोदी ने इसकी फोटो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट की।

पीएम मोदी ने पीएम आवास पर रक्षा बंधन के मौके पर बच्चों से मुलाकात की और छोटी-छोटी बच्चियों ने पीएम मोदी की कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर उनका आशीर्वाद लिया। प्रधानमंत्री ने बच्चों के साथ खूब हंसी-मजाक किया, उनसे हाथ मिलाया और मुस्कुराते हुए ‘हाई-फाइव’ भी किया।

बच्चों के चेहरों की चमक और पीएम मोदी का स्नेह इस पल को बेहद यादगार बना रहा था। कार्यक्रम के दौरान बच्चों और प्रधानमंत्री के बीच एक बेहद दिलचस्प और प्यारा संवाद भी हुआ।

बातचीत करते हुए एक बच्ची ने मासूमियत से पूछा कि उनके बचपन का सपना क्या था? इस पर प्रधानमंत्री मोदी ने तुरंत मुस्कुराते हुए जवाब दिया-आप लोगों से मिलने का।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने इस पर्व को परिवारिक मूल्यों और संस्कृति का प्रतीक बताते हुए कहा कि रक्षाबंधन सिर्फ रक्षा-सूत्र बांधने का त्योहार नहीं, बल्कि विश्वास, सम्मान, प्रेम और जीवनभर साथ निभाने का संकल्प उत्सव है। उन्होंने जोर दिया कि रक्षा का अर्थ महिलाओं के सम्मान, गरिमा, अधिकारों और सपनों की सुरक्षा से भी जुड़ा है। उनके अनुसार, जब हर बेटी और बहन सुरक्षित व सम्मानित होगी, तभी राष्ट्र और मजबूत बनेगा।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सभी देशवासियों को भाई-बहन के अटूट स्नेह और विश्वास वाले इस पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कामना की कि यह पर्व सबके जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लाए। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लिखा कि रक्षाबंधन हमारी सांस्कृतिक विरासत और मूल्यों की झलक प्रस्तुत करता है। यह पर्व महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और गरिमा के प्रति प्रतिबद्ध रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने समाज को महिलाओं के स्वाभिमान और सशक्तिकरण के प्रति और अधिक सजग बनने की अपील की।

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने भाई-बहन के प्रेम और विश्वास वाले इस पावन बंधन पर सभी को शुभकामनाएं देते हुए सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने पारंपरिक श्लोक का उल्लेख करते हुए बहनों को शुभकामनाएं दीं और कामना की कि स्नेह की डोर और मजबूत हो तथा बहनों के जीवन में सुख-समृद्धि आए।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने रक्षाबंधन को भाई-बहन के प्रेम, स्नेह और वचनबद्धता का प्रतीक बताते हुए समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।इस प्रकार देश के शीर्ष नेताओं ने रक्षाबंधन के मौके पर भाई-बहन के रिश्ते की महत्ता को रेखांकित करते हुए सभी को बधाई दी है।

Related Posts