रायपुर। प्रार्थी मनीष राठौर, सहायक ग्रेड-3, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय किरारी, जिला जांजगीर-चांपा द्वारा एन्टी करप्शन ब्यूरो बिलासपुर में शिकायत की गई थी कि सहायक ग्रेड 3 के पद पर उसकी परिवीक्षा अवधि समाप्त होने पर उसका नियमितीकरण वर्ष 2025 में हुआ है।
उसका वर्ष 2022 से जून 2026 तक का वेतन वृद्धि एरियर करीब 80,000 रुपये का उन्हें भुगतान होना है जिसके लिए स्कूल की प्राचार्या अंजुला सोनी द्वारा एरियर निकालने के लिए 20,000 रुपये रिश्वत की मांग की गई थी, जिस पर प्रार्थी के निवेदन पर 10,000 लेने के लिये आरोपिया सहमत हुई।
प्रार्थी रिश्वत नहीं देना चाहता था बल्कि आरोपी को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़वाना चाहता था। शिकायत का सत्यापन कराए जाने पर शिकायत सही पाये जाने से दिनांक 03.09.2026 को ट्रेप आयोजित कर आरोपिया अंजुला सोनी, प्राचार्या, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय किरारी एवं उसके सहयोगी बाबू सहायक ग्रेड-3 विकास मसीह को प्रार्थी से 10,000 रूपये रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध धारा 7, 12 पीसीएक्ट 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) के प्रावधानों के तहत् अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।









































