कांकेर। बस्तर रेंज में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के साथ-साथ पुलिस बल की कार्यकुशलता, स्वास्थ्य, मानसिक सुदृढ़ता एवं मनोबल को बेहतर बनाने के उद्देश्य से अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, नक्सल, वित्त, योजना एवं प्रबंध विवेकानंद सिन्हा एवं पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज बद्रीनारायण मीना द्वारा पुलिस रक्षित केंद्र कांकेर में पुलिसकर्मियों एवं उनके परिवारजनों के लिए पुलिस आरोग्य केंद्र एवं कंप्यूटर लैब का शुभारंभ किया गया।
पुलिस आरोग्य केंद्र का उद्देश्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों तथा उनके परिवारजनों की स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं का समयबद्ध निराकरण करते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुगम एवं सुलभ बनाना है।पुलिसकर्मियों की ड्यूटी की प्रकृति, संवेदनशील क्षेत्रों में तैनाती एवं निरंतर मैदानी दायित्वों को दृष्टिगत रखते हुए उनके स्वास्थ्य की नियमित देखभाल को विशेष महत्व दिया जा रहा है।
पुलिस आरोग्य केंद्र के माध्यम से स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं से समन्वय स्थापित किया जाएगा। पुलिसकर्मियों को आधुनिक तकनीक एवं डिजिटल कार्यप्रणाली के अनुरूप दक्ष बनाने के उद्देश्य से कांकेर पुलिस द्वारा प्रोजेक्ट दक्ष संचालित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को कंप्यूटर एवं डिजिटल तकनीक का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।
पुलिस रक्षित केंद्र कांकेर में इसके लिए कंप्यूटर लैब की सुविधा विकसित की गई है। अब तक 222 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कंप्यूटर प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका है। पुलिस रक्षित केंद्र कांकेर में पुलिस पुस्तकालय का शुभारंभ पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की अध्ययन संबंधी आवश्यकताओं एवं व्यावसायिक ज्ञानवर्धन को ध्यान में रखते हुए किया गया है।
पुस्तकालय में विभागीय एवं प्रतियोगी परीक्षाओं, पुलिसिंग, कानून, आपराधिक विधि, सामान्य ज्ञान, समसामयिक विषयों सहित विभिन्न उपयोगी विषयों से संबंधित पुस्तकों एवं अध्ययन सामग्री की व्यवस्था की गई है। पुलिस पुस्तकालय के माध्यम से पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के साथ-साथ निरंतर अध्ययन, ज्ञानवर्धन एवं व्यावसायिक दक्षता के विकास के लिए उपयुक्त अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा।
पुलिस बल के शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य एवं तनाव प्रबंधन को भी प्राथमिकता दी जा रही है। पुलिस रक्षित केंद्र में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों के लिए नियमित रूप से योग एवं मेडिटेशन कराया जा रहा है।
इसके अतिरिक्त मानसिक स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए मनोरोग चिकित्सा विशेषज्ञों के माध्यम से परामर्श एवं काउंसलिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। अब तक 129 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों की काउंसलिंग कराई जा चुकी है।
पुलिस विभागीय कर्मचारियों के स्वास्थ्य एवं व्यक्तिगत कल्याण को ध्यान में रखते हुए कांकेर पुलिस द्वारा प्रोजेक्ट करुणा संचालित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत नशे की आदत से प्रभावित पुलिसकर्मियों को चिन्हांकित कर उन्हें आवश्यक परामर्श, उपचार एवं सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रोजेक्ट करुणा के अंतर्गत वर्ष 2026 में अब तक 24 पुलिस कर्मचारियों को नशामुक्त कराया जा चुका है।
पुलिस बल के स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य, मनोबल, कार्यक्षमता एवं समग्र कल्याण को बेहतर बनाने के उद्देश्य से उपलब्ध कल्याणकारी सुविधाओं का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने तथा पुलिसकर्मियों की आवश्यकताओं के अनुरूप नवीन सुविधाओं के विकास पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमाल (भापुसे), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू, एसडीओपी हरीश पाटिल, उप पुलिस अधीक्षक विंकेश्वरी पिंदे, रक्षित निरीक्षक गोविन्द वर्मा, रक्षित निरीक्षक दीपक साव, थाना प्रभारी जीतेन्द्र साहू सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



















