छत्तीसगढ़फीचर्ड

विधायक आशाराम नेताम एवं आईजी बद्रीनारायण मीणा ने किया साइबर सेल का उद्घाटन

कांकेर। विधायक आशाराम नेताम, पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज बद्रीनारायण मीणा एवं पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल राखेचा द्वारा साइबर सेल का उद्घाटन किया गया। साइबर सेल की स्थापना जिले में साइबर अपराधों की रोकथाम, साइबर संबंधी शिकायतों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई तथा साइबर अपराधों से संबंधित प्रकरणों के निराकरण को अधिक व्यवस्थित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

इसके माध्यम से साइबर अपराधों की जांच, तकनीकी साक्ष्यों के संकलन तथा संबंधित शिकायतों के निराकरण की प्रक्रिया को सुदृढ़ करने में सहायता मिलेगी। यह पहल नागरिकों को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने एवं साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से की गई है।

पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज बद्रीनारायण मीणा द्वारा थाना सिटी कोतवाली कांकेर का भ्रमण कर थाने की कार्यप्रणाली एवं उपलब्ध व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। इस दौरान ई-मालखाना का भी अवलोकन किया गया तथा जब्तशुदा संपत्ति के डिजिटल अभिलेखीकरण एवं ऑनलाइन ट्रैकिंग प्रणाली के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई।

ई-मालखाना प्रणाली के माध्यम से जब्तशुदा सामग्री का डिजिटल रिकॉर्ड संधारित करने तथा उसकी स्थिति एवं उपलब्धता का व्यवस्थित विवरण सुरक्षित रखने में सुविधा होती है। इससे जब्त संपत्ति के रखरखाव में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के साथ-साथ विवेचना तथा न्यायालयीन कार्यवाही के दौरान आवश्यक सामग्री के अभिलेखों की उपलब्धता सुगम होती है।

निरीक्षण के दौरान पुलिस महानिरीक्षक द्वारा महिला सेल का भ्रमण कर महिला रक्षा टीम द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान महिलाओं की सुरक्षा से संबंधित गतिविधियों, शिकायतों पर की जाने वाली कार्रवाई तथा महिला सुरक्षा के क्षेत्र में पुलिस द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली गई।

पुलिस महानिरीक्षक द्वारा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, तत्परता, जवाबदेही एवं संवेदनशीलता के साथ करें। आम नागरिकों की शिकायतों पर त्वरित एवं विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता एवं जनविश्वास को और अधिक सुदृढ़ करने पर विशेष बल दिया गया।

उक्त अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस हरीश पाटिल, उप पुलिस अधीक्षक (IUCAW) प्रतिभा लहरे, उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) विंकेश्वरी पिंदे, रक्षित निरीक्षक दीपक साव, रक्षित निरीक्षक गोविंद वर्मा, थाना प्रभारी सिटी कोतवाली जितेंद्र साहू, साइबर थाना प्रभारी राजेंद्र साहू सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button