नवंबर में बैंक जाने की तैयारी कर रहे हैं, तो पहले छुट्टियों की पूरी लिस्ट देख लीजिए. दिवाली, गोवर्धन पूजा, छठ पूजा और गुरु नानक जयंती जैसे त्योहारों के चलते अलग-अलग राज्यों में बैंक बंद रहेंगे. इसके अलावा दूसरे और चौथे शनिवार के साथ रविवार की छुट्टियां भी पड़ेंगी…

नईदिल्ली (ए)। नवंबर 2026 में अगर आपका बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम है, तो शाखा जाने से पहले छुट्टियों की सूची जरूर देख लें। इस महीने दिवाली, गोवर्धन पूजा, भैया दूज, छठ पूजा और गुरु नानक जयंती जैसे त्योहारों के कारण अलग-अलग राज्यों में बैंक बंद रहेंगे। इसके अलावा रविवार और महीने के दूसरे व चौथे शनिवार को भी बैंक शाखाओं में कामकाज नहीं होगा।

हालांकि, नवंबर में सभी राज्यों में बैंक 16 दिन बंद नहीं रहेंगे। बैंक की छुट्टियां राज्य और शहर के हिसाब से अलग-अलग हैं। कुछ अवकाश क्षेत्रीय त्योहारों के कारण हैं, जिनका असर केवल संबंधित शहरों या राज्यों में होगा। इसलिए बैंक जाने से पहले अपने क्षेत्र की छुट्टियों का कैलेंडर देखना जरूरी है।


नवंबर 2026 में बैंक छुट्टियों की पूरी लिस्ट
9 नवंबर: दिवाली, लक्ष्मी पूजा, गोवर्धन पूजा और अन्य स्थानीय अवसरों के चलते त्रिपुरा, मध्य प्रदेश, चंडीगढ़, सिक्किम, मणिपुर, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कुछ बैंकिंग केंद्रों में शाखाएं बंद रहेंगी।
10 नवंबर: बाली प्रतिपदा, दीपावली, गोवर्धन पूजा और विक्रम संवत नववर्ष के अवसर पर अहमदाबाद, बेलापुर, बेंगलुरु, देहरादून, गंगटोक, मुंबई और नागपुर में बैंक बंद रहेंगे।


11 नवंबर: भैया दूज, निंगोल चक्कौबा, लक्ष्मी पूजा और चित्रगुप्त जयंती जैसे अवसरों पर गंगटोक, इंफाल, कानपुर, कोलकाता, लखनऊ और शिमला में बैंक शाखाओं में कामकाज नहीं होगा।
13 नवंबर: मेघालय के क्षेत्रीय त्योहार वांगला के अवसर पर शिलांग में बैंक बंद रहेंगे।
16 नवंबर: छठ पूजा के अवसर पर पटना और रांची में बैंक शाखाएं बंद रहेंगी। इस त्योहार में सूर्य देव और छठी मैया की पूजा की जाती है।
20 नवंबर: उत्तराखंड के प्रमुख क्षेत्रीय त्योहार इगास-बग्वाल के कारण देहरादून में बैंक बंद रहेंगे।
23 नवंबर: मेघालय के वार्षिक त्योहार सेंग कुट स्नेम के अवसर पर शिलांग में बैंक शाखाओं में कामकाज नहीं होगा।
24 नवंबर: गुरु नानक जयंती, कार्तिक पूर्णिमा और अन्य क्षेत्रीय अवसरों के कारण आइजोल, बेलापुर, भोपाल, भुवनेश्वर, चंडीगढ़, देहरादून, हैदराबाद, ईटानगर, जम्मू, जयपुर, कानपुर, कोहिमा, कोलकाता, लखनऊ, मुंबई, नागपुर, नई दिल्ली, रायपुर, रांची, शिमला और श्रीनगर में बैंक बंद रहेंगे।
27 नवंबर: कनकदास जयंती के अवसर पर बेंगलुरु में बैंक शाखाएं बंद रहेंगी।
नवंबर में रविवार और शनिवार की छुट्टियां
त्योहारों के अलावा नवंबर में साप्ताहिक अवकाश के कारण भी बैंक बंद रहेंगे। इस महीने रविवार 1, 8, 15, 22 और 29 नवंबर को पड़ रहे हैं। इसके अलावा बैंक दूसरे शनिवार यानी 14 नवंबर और चौथे शनिवार यानी 28 नवंबर को भी बंद रहेंगे।
बैंक बंद होने पर भी कर सकेंगे पैसों का लेन-देन
बैंक शाखाएं बंद रहने के बावजूद ग्राहकों को पैसों के लेन-देन के लिए परेशान होने की जरूरत नहीं है। छुट्टियों के दौरान भी ऑनलाइन बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, यूपीआई और एटीएम जैसी डिजिटल सेवाओं का इस्तेमाल किया जा सकता है। हालांकि, चेक क्लियरेंस और शाखा में जाकर किए जाने वाले कुछ काम छुट्टियों के कारण प्रभावित हो सकते हैं।



