देश-दुनियाफीचर्ड

पीएम मोदी का बिहार दौरा: 1243 एकड़ में बनेगा इंडस्ट्रियल पार्क, 6-लेन पुल की देंगे सौगात

पुल चालू होने से पटना और वैशाली के बीच सड़क संपर्क बेहतर होगा. इससे उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आने-जाने में भी सुविधा मिलने की उम्मीद है. पटना और वैशाली के बीच सफर का समय घटकर करीब 20 से 25 मिनट होने का दावा किया जा रहा है…

 

पटना (ए)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21 नवंबर के बिहार दौरे को लेकर एनडीए के सभी घटक दल प्रखंड से लेकर प्रदेश स्तर तक अपने-अपने दल के लोगों को सक्रिय कर रहे हैं। प्रधानमंत्री के दौरे का सबसे प्रमुख कार्यक्रम कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्सलेन गंगा पुल का उद्घाटन बताया जा रहा है. यह पुल पटना के कच्ची दरगाह को वैशाली जिले के बिदुपुर से जोड़ता है. इस परियोजना की कुल लंबाई करीब 19.76 किलोमीटर है. इसमें गंगा पर बना 9.76 किलोमीटर लंबा मुख्य पुल और करीब 10 किलोमीटर के एप्रोच रोड शामिल हैं.

पुल चालू होने से पटना और वैशाली के बीच सड़क संपर्क बेहतर होगा. इससे उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आने-जाने में भी सुविधा मिलने की उम्मीद है. पटना और वैशाली के बीच सफर का समय घटकर करीब 20 से 25 मिनट होने का दावा किया जा रहा है।

वैशाली में प्रस्तावित औद्योगिक पार्क और औद्योगिक कॉरिडोर से जुड़ी परियोजनाएं भी प्रधानमंत्री के दौरे के एजेंडे में रह सकती हैं. इनके लिए शिलान्यास और उद्घाटन की संभावनाएं जताई जा रही हैं. इसके अलावा पटना-पूर्णिया एक्सप्रेसवे, भागलपुर में प्रस्तावित केंद्रीय विश्वविद्यालय और सुल्तानगंज में ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे जैसी योजनाओं को लेकर भी चर्चाएं हैं. हालांकि, इन परियोजनाओं पर प्रधानमंत्री की ओर से क्या ऐलान होगा, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

जदयू प्रदेश कार्यालय में सोमवार को जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, लोजपा (आर) के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र विवेक, हम के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार व रालोमो के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चंद्र चंद्रवंशी ने एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जब-जब बिहार का दौरा किया है उन्होंने बिहार को कुछ न कुछ सौगात दिया है। इस बार भी वह बिहार को सौगात देंगे।

जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इस बार प्रधानमंत्री का बिहार दौरा उस समय हो रहा जब बिहार में एनडीए की नयी सरकार के एक वर्ष पूरे हो रहे हैं। अपने बिहार दौरे में प्रधानमंत्री वैशाली के जाफरपट्टी में 1243 एकड़ में औद्योगिक पार्क की आधारशिला रखेंगे। वह कच्ची दरगाह-बिदपुुर छह ले पुल का उद्घाटन भी करेंगे। उनका दौरा ऐतिहासिक रहेगा।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि जाफरपट्टी में औद्योगिक पार्क से बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार मिलेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बिहार के साथ विश्वास व विकास का रिश्ता है। उन्होंने बिहार के संसाधन और विकास को नई दिशा दी है। केंद्र सरकार के प्रयास से बिहार के विकास को नयी गति मिली है।

लोजपा (रा) के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र विवेक ने कहा कि प्रधानमंत्री के इस दौरे से एनडीए के सभी घटक दल के प्रखंड से प्रदेश स्तर के लोगों को जोड़ा गया है।

हम के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार दो दशक में चारों ओर विकास हुआ। अब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में काम हो रहा है।

रालोमो के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चंद्र चंद्रवंशी ने कहा कि प्रधानमंत्री का इस बार का बिहार का दौरा मील का पत्थर साबित होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button