
रायपुर। जिले के भनपुरी स्थित गजराज पॉलीमर इंडस्ट्री में गुरुवार देर रात भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आग पर काबू पाने के लिए दमकल की टीम को रातभर मशक्कत करनी पड़ी। घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह सहित जिला प्रशासन के अधिकारी और फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची तथा आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।

कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह, एसडीएम नभसिंह कोसले, तहसीलदार राममूर्ति दीवान सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। कलेक्टर के मार्गदर्शन में दमकल की टीम ने आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास किए। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर मौजूद रहकर राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की तथा आग बुझाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराईं।



भीषण आग को देखते हुए कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह स्वयं पूरी रात घटनास्थल पर डटे रहे। उनके साथ एसडीएम, तहसीलदार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी सुबह तक मौके पर मौजूद रहे।

दमकल कर्मियों द्वारा पूरी रात लगातार प्रयास कर आग पर काबू पाया गया। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारी आग पूरी तरह बुझने तक घटनास्थल पर डटे रहे और आग पर काबू पाने के बाद ही मौके से लौटे।





