

भिलाई। थाना उतई क्षेत्रांतर्गत ग्राम डुण्डेरा में पैतृक कृषि भूमि को फर्जी दस्तावेज एवं कूटरचित हस्ताक्षरों के माध्यम से हड़पने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे एवं प्रार्थी द्वारा प्रस्तुत किए गए प्रकरण से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज जप्त किए गए हैं।

दिनांक 26.11.2026 को प्रार्थी पन्ना लाल साहू, पिता स्व. बोधीराम साहू, उम्र 47 वर्ष, निवासी शास्त्री चौक ग्राम डुण्डेरा, थाना उतई, जिला दुर्ग द्वारा वरिष्ठ कार्यालय में लिखित शिकायत प्रस्तुत की गई।



शिकायत के अनुसार प्रार्थी के पिता स्व. बोधीराम साहू के स्वामित्व एवं आधिपत्य की कृषि भूमि ग्राम डुण्डेरा में स्थित है। उक्त भूमि के संबंध में आरोपी शिवकुमार साहू, उसकी पत्नी श्रीमती सीमा साहू एवं उनके सहयोगियों द्वारा आपसी मिलीभगत कर कूटरचित दस्तावेज तैयार किए जाने की शिकायत की गई।

आरोप है कि शिवकुमार साहू द्वारा अपनी पत्नी श्रीमती सीमा साहू के पक्ष में दिनांक 24.09.2022 को फर्जी इकरारनामा तैयार कराया गया तथा दिनांक 18.11.2022 को प्रार्थी के पिता के नाम से फर्जी हस्ताक्षर कर बिक्री नामा तैयार किया गया। इसके माध्यम से ग्राम डुण्डेरा स्थित पैतृक कृषि भूमि को छलपूर्वक हड़पने एवं रजिस्ट्री कराने का प्रयास किया गया।


प्रार्थी द्वारा उक्त दस्तावेजों के हस्ताक्षरों की जांच हैंडराइटिंग विशेषज्ञ से कराई गई थी। जांच उपरांत प्राप्त रिपोर्ट में इकरारनामा एवं बिक्री नामा में अंकित हस्ताक्षर प्रार्थी के पिता बोधीराम साहू के नहीं होना प्रतिवेदित किया गया।
प्रार्थी की शिकायत पर थाना उतई में अपराध क्रमांक 568/2026, धारा 420, 467, 468, 471, 34 भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस द्वारा उपलब्ध दस्तावेजों एवं साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी शिवकुमार साहू, श्रीमती सीमा साहू एवं कौशल कुमार साहू को गिरफ्तार किया गया। प्रकरण से संबंधित मूल दस्तावेजों एवं अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों की जप्ती की गई। आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम एवं पता
1. शिवकुमार साहू, पिता स्व. महावीर साहू, निवासी 8/53 राधिका नगर, सुपेला, थाना सुपेला, जिला दुर्ग।
2. सीमा साहू, पति शिवकुमार साहू, निवासी 8/53 राधिका नगर, सुपेला, थाना सुपेला, जिला दुर्ग।
3. कौशल कुमार साहू, पिता आशाराम साहू, निवासी इंदिरा नगर, ग्राम डुण्डेरा, थाना उतई, जिला दुर्ग।
जप्त संपत्ति
1. प्रार्थी पन्ना लाल साहू द्वारा प्रस्तुत 43 पन्नों के दस्तावेज।
2. आरोपी शिवकुमार साहू से बिक्री नामा दिनांक 18.11.2022 का ई-स्टाम्प सर्टिफिकेट एवं इकरारनामा दिनांक 24.09.2022 का मूल स्टाम्प पेपर।
3. आरोपी सीमा साहू से ई-स्टाम्प पेपर दिनांक 14.02.2023 एवं रजिस्ट्री पत्रक की मूल प्रति।



