देश-दुनियाफीचर्ड

महादेव सट्टेबाजी एप मामले में अदालत का ईडी को नोटिस, ₹15 करोड़ लेने के आरोपी वकील को राहत नहीं

सुप्रीम कोर्ट में शुक्रवार को जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस पीबी वराले की पीठ ने हिमांशु शेखर की याचिका पर सुनवाई की। पीठ ने ईडी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा, लेकिन उनकी गिरफ्तारी से राहत देने की मांग स्वीकार नहीं की…

 

नईदिल्ली (ए)। महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी एप मामले में दिल्ली के एक वकील पर लगे गंभीर आरोपों को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई की है। वकील हिमांशु शेखर ने बॉम्बे हाईकोर्ट के उस आदेश को चुनौती दी है, जिसने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के लिए उनकी दोबारा गिरफ्तारी का रास्ता साफ किया था। सुप्रीम कोर्ट ने उनकी याचिका पर ईडी से जवाब मांगा है, लेकिन फिलहाल वकील को कोई अंतरिम राहत देने से इनकार कर दिया। मामला इसलिए भी अहम है, क्योंकि वकील पर इस घोटाले के कथित सरगना सौरभ चंद्राकर से 15 करोड़ रुपये लेने का आरोप है।

सुप्रीम कोर्ट में शुक्रवार को जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस पीबी वराले की पीठ ने हिमांशु शेखर की याचिका पर सुनवाई की। पीठ ने ईडी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा, लेकिन उनकी गिरफ्तारी से राहत देने की मांग स्वीकार नहीं की। ईडी का आरोप है कि शेखर ने सौरभ चंद्राकर से 15 करोड़ रुपये इस वादे पर लिए थे कि वह मामले में जजों और सरकारी अधिकारियों को मैनेज कर सकते हैं। चंद्राकर ने पूछताछ के दौरान दावा किया था कि वकील ने न्यायिक व्यवस्था से जुड़े लोगों, जिनमें जज और वकील भी शामिल थे, को प्रभावित करने का भरोसा दिया था।

ईडी ने शेखर के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया था। 20 नवंबर को मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उन्हें उस समय रोक लिया गया, जब वह दुबई जाने वाली उड़ान पकड़ने वाले थे। इमिग्रेशन अधिकारियों ने उन्हें हिरासत में लेकर कस्टम विभाग को सौंपा, जिसने ईडी को इसकी जानकारी दी। इसके बाद रायपुर से पहुंची ईडी की टीम ने 21 नवंबर की रात करीब 1:10 बजे उन्हें अपनी हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद उसी दिन मुंबई की विशेष अदालत में पेश कर रायपुर ले जाने के लिए ट्रांजिट रिमांड मांगी गई।

मुंबई की अदालत ने ईडी की ट्रांजिट रिमांड की अर्जी खारिज कर दी थी। अदालत का कहना था कि आरोपी को 24 घंटे की अवधि के आखिरी हिस्से में पेश करने के बजाय कामकाजी समय के पहले सत्र में पेश किया जाना चाहिए था। ईडी का तर्क था कि हिरासत की अवधि 21 नवंबर की रात 1:10 बजे से गिनी जानी चाहिए, जब उसके अधिकारियों ने शेखर को औपचारिक रूप से हिरासत में लिया। वहीं अदालत ने माना कि हिरासत की अवधि 20 नवंबर को दोपहर 3:03 बजे से शुरू हुई थी, जब इमिग्रेशन अधिकारियों ने लुकआउट सर्कुलर के आधार पर उन्हें रोका था। अदालत ने शेखर को 23 नवंबर को ईडी के रायपुर कार्यालय में पेश होने का निर्देश दिया था। इसके बाद ईडी ने बॉम्बे हाईकोर्ट में चुनौती दी। हाईकोर्ट ने सोमवार को मुंबई की अदालत का आदेश रद्द कर दिया, जिससे रायपुर में शेखर की गिरफ्तारी का रास्ता खुल गया।

ईडी की हिरासत में पूछताछ के दौरान चंद्राकर ने शेखर का नाम लिया था। जांच एजेंसी के मुताबिक, उसने दावा किया कि वकील को 15 करोड़ रुपये दिए गए थे और इसके बाद छोटी-छोटी किस्तों में भी भुगतान किया गया। चंद्राकर को इसी महीने ओमान से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया था। यह कार्रवाई केंद्रीय जांच ब्यूरो के अभियान के बाद हुई। फिलहाल वह रायपुर सेंट्रल जेल में न्यायिक हिरासत में है। जांच एजेंसियों का आरोप है कि चंद्राकर और रवि उप्पल ने महादेव बुक एप को बढ़ावा दिया और पैनल तथा शाखा संचालकों के नेटवर्क के जरिए ऑनलाइन सट्टेबाजी का कारोबार चलाया। एजेंसियों के अनुसार, इस नेटवर्क को चलाने के लिए छत्तीसगढ़ के युवाओं को मैनेजर, सुपरवाइजर और दूसरे कर्मचारियों के रूप में रखा गया था। दोनों दुबई से इस नेटवर्क का संचालन करते थे।

ईडी का आरोप है कि महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी एप का अवैध कारोबार और उससे जुड़ी मनी लॉन्ड्रिंग की गतिविधियां जारी थीं। एजेंसी ने अपराध से हुई कुल कमाई 92 हजार करोड़ रुपये से अधिक होने का अनुमान लगाया है। जांच एजेंसियों का यह भी आरोप है कि चंद्राकर और उप्पल पुलिस, प्रशासनिक अधिकारियों और प्रभावशाली राजनीतिक हस्तियों को संरक्षण राशि देते थे। हालांकि, ये सभी आरोप जांच एजेंसियों के हैं। सुप्रीम कोर्ट में अब ईडी को नोटिस का जवाब देना है। फिलहाल वकील को गिरफ्तारी से अंतरिम राहत नहीं मिली है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button