छत्तीसगढ़फीचर्ड

रायपुर कमिश्नरेट में ऑटो एवं ई-रिक्शा में क्यूआर कोड लगाने का द्वितीय चरण प्रारंभ

रायपुर। शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित एवं नागरिकों के लिए अधिक सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा ऑटो एवं ई-रिक्शा में क्यूआर कोड लगाने का द्वितीय चरण प्रारंभ किया गया है।

पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन एवं डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में विगत माह रायपुर शहर में संचालित ऑटो एवं ई-रिक्शा का पंजीयन कर क्यूआर कोड चस्पा करने की कार्यवाही की गई थी। प्रथम चरण में कुल 15,047 ऑटो एवं ई-रिक्शा में क्यूआर कोड चस्पा किए जा चुके हैं।

प्रथम चरण के पश्चात शेष रह गए तथा नवीन खरीदे गए ऑटो एवं ई-रिक्शा का पुनः पंजीयन किया गया, जिसके अंतर्गत आज दिनांक 27 नवंबर 2026 से 2,241 ऑटो एवं ई-रिक्शा में क्यूआर कोड चस्पा करने का कार्य प्रारंभ किया गया। उक्त कार्यवाही का शुभारंभ डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा द्वारा किया गया। इस अवसर पर एडिशनल डीसीपी ट्रैफिक राम कुमार बर्मन एवं सहायक पुलिस आयुक्त सतीश ठाकुर उपस्थित रहे।

रायपुर शहर में संचालित ऑटो एवं ई-रिक्शा में चस्पा क्यूआर कोड को स्कैन करने पर संबंधित ऑटो, वाहन मालिक एवं चालक की जानकारी प्राप्त हो सकेगी। इससे ऑटो में सफर करने वाले यात्रियों को वाहन एवं चालक की जानकारी उपलब्ध होगी तथा किसी भी आवश्यक परिस्थिति में संबंधित जानकारी प्राप्त करने में सुविधा होगी।

द्वितीय चरण के अंतर्गत कल से रायपुर कमिश्नरेट के समस्त यातायात थाना क्षेत्रों में पंजीकृत शेष एवं नवीन ऑटो-ई रिक्शा में क्यूआर कोड चस्पा करने की कार्यवाही प्रारंभ की जाएगी।

इसके लिए संबंधित यातायात थानों को क्यूआर कोड उपलब्ध कराए जाएंगे। यातायात थाना द्वारा पंजीकृत ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों को फोन के माध्यम से सूचित किया जाएगा। सूचना प्राप्त होने पर संबंधित चालक अपने ऑटो या ई-रिक्शा के साथ यातायात थाना पहुंचेंगे, जहां यातायात पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारियों द्वारा वाहन में क्यूआर कोड चस्पा किया जाएगा।

यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों से अपील की जाती है कि वे यातायात थाना से प्राप्त सूचना के अनुसार निर्धारित समय पर अपने वाहन सहित उपस्थित होकर क्यूआर कोड चस्पा कराने की कार्यवाही पूर्ण कराएं तथा यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए यातायात पुलिस का सहयोग करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button