दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

दुर्ग PHE कार्यालय में अधिकारियों-कर्मचारियों को धमकाने और ठेकेदार के साथ मारपीट करने वाले के खिलाफ कलेक्टर, एसपी को सौपा ज्ञापन

दुर्ग। पीएचई कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारियों ने कलेक्टर डाॅ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे तथा एसपी प्रशांत अग्रवाल को ज्ञापन सौंपा। पीड़ित अधिकारी-कर्मचारियों ने कलेक्टर को बताया कि मंगलवार को देवेंद्र अग्रवाल नाम के व्यक्ति ने अधिकारियों के चेंबर में प्रवेश कर उनसे गाली-गलौज की एवं धमकियाँ दी।

कार्यालय के कार्यपालन अभियंता, उप अभियंता, सहायक अभियंता से लेकर भृत्य तक सभी से इसने दुर्व्यवहार किया। इसके साथ ही बाहर से भी आसामाजिक तत्वों को बुलाया। जिसकी वजह से महिला कर्मचारी भी भयभीत हो गए।

अधिकारियों ने बताया कि शासकीय कार्य के संपादन के दौरान इस व्यक्ति द्वारा किये गये कृत्य से वे मानसिक रूप से बेहद व्यथित हैं। जिस दौरान यह घटना हुई, उस दौरान दुर्ग जिला लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी ठेकेदार संघ के सदस्य भी मौजूद थे।

कलेक्टर को प्रस्तुत किये गये अपने ज्ञापन में इन्होंने बताया कि जब इन सदस्यों ने अभद्र व्यवहार करने पर रोकना चाहा, तब देवेंद्र अग्रवाल ने उनके साथ भी मारपीट शुरू कर दी। साथ ही यह भी धमकी दी कि जिस निविदा में मैं अथवा मुझसे संबंधित लोग हिस्सा लेंगे, उसमें कोई दूसरा ठेकेदार टेंडर नहीं डालेगा। ठेकेदार संघ ने अपने ज्ञापन में संबंधित व्यक्ति पर कड़ी कार्रवाई करने की माँग की है।

Related Articles

Back to top button