देश-दुनियाफीचर्ड

सुप्रीम कोर्ट के लिए आज का दिन होगा ऐतिहासिक, एक साथ शपथ लेंगे 9 नए जज, शपथ ग्रहण का होगा सीधा प्रसारण

नईदिल्ली (ए)। सुप्रीम कोर्ट में मंगलवार को 9 नए जज पदभार संभालेंगे। चीफ जस्टिस एन वी रमना उन्हें सुबह 10.30 बजे पद की शपथ दिलाएंगे। जो 9 लोग आज सुप्रीम कोर्ट जज बनेंगे, उनमें से 8 हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस या जज हैं. उनके अलावा एक वरिष्ठ वकील भी सीधे सुप्रीम कोर्ट जज नियुक्त हो रहे हैं।

नए जजों के नाम

9 जज इस क्रम में शपथ लेंगे :-

1. जस्टिस ए एस ओका
2. जस्टिस विक्रम नाथ
3. जस्टिस जे के माहेश्वरी
4. जस्टिस हिमा कोहली
5. जस्टिस बी वी नागरत्ना
6. जस्टिस सी टी रविंद्रकुमार
7. जस्टिस एम एम सुंदरेश
8. जस्टिस बेला त्रिवेदी
9. पी एस नरसिम्हा।

पहले से अलग होगा कार्यक्रम

आमतौर पर सुप्रीम कोर्ट में नए जजों का शपथ ग्रहण समारोह चीफ जस्टिस के कोर्ट रूम में होता है. लेकिन इस बार यह कुछ अलग होगा. कार्यक्रम सुप्रीम कोर्ट के नए भवन में बने सभागार में होगा. इस ऑडिटोरियम में 900 लोगों के बैठने की व्यवस्था है। पहली बार जजों के शपथ ग्रहण कार्यक्रम का दूरदर्शन पर सीधा प्रसारण भी किया जाएगा।

कार्यक्रम में नए सुप्रीम कोर्ट के सभी जज, एटॉर्नी जनरल, सॉलिसीटर जनरल, सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन और सुप्रीम कोर्ट एडवोकेट ऑन रिकॉर्ड एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ तमाम वकील शामिल होते हैं. सभी नए जजों के परिवार और मित्र भी इसमें शामिल होंगे. सीमित संख्या में अन्य वकीलों और मीडिया को भी निमंत्रित किया गया है।

2 साल बाद हो रही है नियुक्ति

जजों के चयन करने वाले कॉलेजियम में सहमति न बन पाने के चलते करीब 2 साल से सुप्रीम कोर्ट में नई नियुक्ति नहीं हुई थी. इस कारण जजों के कुल 34 पदों में से 10 पद खाली हो गए थे. आज होनी वाली नई नियुक्तियों के बाद जजों की संख्या 33 हो जाएगी।

3 लोग बन सकते हैं चीफ जस्टिस

इन जजों में से भविष्य में जस्टिस विक्रम नाथ, जस्टिस बी वी नागरत्ना और पी एस नरसिम्हा के भारत के मुख्य न्यायाधीश बनने की संभावना है. अब तक सुप्रीम कोर्ट में कोई भी महिला चीफ जस्टिस नहीं हुई हैं. सितंबर 2027 में जस्टिस नागरत्ना के रूप में भारत को पहली महिला चीफ जस्टिस मिल सकती हैं।

 

Related Articles

Back to top button