फीचर्डविविध

सिर्फ 2 साल में 10 गुना बढ़ा शेयर का भाव, मालामाल हुए IRCTC के निवेशक, बना नया रिकॉर्ड

नईदिल्ली (ए)। भारतीय रेलवे की यात्री सेवाएं धीरे-धीरे ही सही, अब पटरी पर आने लगी हैं। वहीं, सरकार ने रेलवे स्टेशनों के मौद्रिकरण का भी ऐलान किया है। इन खबरों से इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्प (IRCTC) के निवेशकों को जबरदस्त फायदा हो रहा है। बीते दो साल में कंपनी के शेयर भाव में 10 गुना ग्रोथ हो चुका है।

अभी शेयर का भाव: मंगलवाार के कारोबारी दिन IRCTC के शेयर में 6 फीसदी से ज्यादा की तेजी है। वहीं, कंपनी का प्रति शेयर भाव 3200 रुपए से ज्यादा है। सोमवार को भी कंपनी के शेयर भाव में जबरदस्त तेजी आई थी। आपको बता दें कि बीते शुक्रवार को IRCTC का शेयर 2869.40 रुपए था। इस लिहाज से देखें तो निवेशकों को सिर्फ दो दिन में प्रति शेयर करीब 300 रुपए फायदा हुआ है। फिलहाल, शेयर लाइफटाइम हाई पर कारोबार कर रहा है तो वहीं मार्केट कैपिटल भी 50 हजार करोड़ रुपए के स्तर को पार कर चुका है।

दो साल में 10 गुना ग्रोथ: शेयर बाजार में आईआरसीटीसी के अब तक के सफर को देखें तो ये स्टॉक अपने शेयरधारकों को उस दिन से ही शानदार रिटर्न दे रहा है, जब से इसे भारतीय शेयर बाजारों में सूचीबद्ध किया गया था। 14 अक्टूबर 2019 को  315- 320 रुपए के अपने निर्गम मूल्य के मुकाबले, आईआरसीटीसी की लिस्टिंग बीएसई में 646 रुपए पर जबकि एनएसई में 626 रुपए पर हुई।

मतलब ये कि जिन निवेशकों को आईपीओ अलॉट हुआ था उन्हें एक झटके में लगभग 96 प्रतिशत का मुनाफा हो गया। आज के हिसाब से देखें तो लगभग 2 वर्षों में  आईआरसीटीसी ने 320 रुपए से 3,296 रुपए प्रति स्टॉक तक का सफर तय किया है। इस लिहाज से शेयर के भाव में लगभग 10 गुना ग्रोथ हुआ है।

ये तो ट्रेलर है: शेयर बाजार के एक्सपर्ट के मुताबिक ये अभी ट्रेलर है, आईआरसीटीसी के शेयर में आगे भी तेजी रहेगी। उम्मीद है कि कंपनी का शेयर भाव अगले 18 से 24 महीनों में 5,000 रुपये प्रति स्टॉक स्तर तक जा सकता है। हालांकि, निवेशकों को प्रति शेयर 2800 रुपए पर स्टॉप लॉस बनाए रखने की भी सलाह दी जा रही है।

अभी तेजी की वजह: एक्सपर्ट के मुताबिक आईआरसीटीसी हॉस्पिटैलिटी बिजनेस पर फोकस कर रही है। इसका फायदा निवेशकों को मिला है। इसके अलावा सरकार ने मौद्रिकरण के लिए कुल 400 रेलवे स्टेशनों, 90 यात्री रेलगाड़ियों, रेलवे के कई खेल स्टेडियम और कॉलोनियों के साथ ही प्रसिद्ध कोंकण और पहाड़ी रेलवे की पहचान की है। इस वजह से भी आईआरसीटीसी के शेयर को बूस्ट मिला है।

Related Articles

Back to top button