दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

निगमायुक्त प्रकाश सर्वे ने बीएसपी क्षेत्र में सफाई व्यवस्था का लिया जायजा, खाली जगह पर फेंकने को हो रहे हैं मजबूर, सेक्टर की महिलाओं ने दिया फीडबैक

भिलाई। नगर पालिक निगम भिलाई के आयुक्त प्रकाश सर्वे ने मॉर्निंग विजिट में बीएसपी क्षेत्र में साफ- सफाई की व्यवस्था देखी। सेक्टर 4 के आवास के बैकलाइन निरीक्षण करने पहुंचे, वहां के रहवासियों से निगमायुक्त ने चर्चा की लोगों ने बताया कि कई सालों से बैक लाइन की सफाई नहीं हुई है, सफाई व्यवस्था का बुरा हाल है।

सीवरेज लाइन चोक हो जाता है, नाली से पानी निकासी की समस्या है, रोड एवं मोहल्ले में झाड़ू लगाने की कोई व्यवस्था नहीं है, स्वीपिंग कार्य नहीं होता है, परेशानियां झेलने के लिए मजबूर है! इसके पश्चात आयुक्त ने सेक्टर 5 के बी.एस.एन.एल. क्वार्टर का निरीक्षण किया।

जैसे ही आयुक्त ने सेक्टर 5 के क्वार्टर में प्रवेश किया उनकी नजर सड़क किनारे कचरा फेंकते हुए महिलाओं पर पड़ी, निगमायुक्त ने यह देखते ही महिलाओं से डोर टू डोर कचरा कलेक्शन के वाहनों को कचरा देने की बात कही। इस पर महिलाओं ने बताया कि डोर टू डोर कचरा कलेक्शन वाली गाड़ी हफ्ते में दो बार ही आती है, यदि कचरा बाहर रखा हो तो ले जाते हैं अन्यथा ट्रैक्टर में बैठे हुए कर्मचारी आगे की ओर निकल जाते हैं, यदि प्रतिदिन डोर टू डोर कचरा कलेक्शन के लिए गाड़ी आती तो हम कचरा बाहर नहीं फेंकते, परंतु कचरा ले जाने वाली वाहन नहीं आने पर हम सड़क किनारे कचरा फेंकने पर मजबूर हैं।

कितने दिन तक कचरा को अपने घरों में रखकर बीमारी को बढ़ावा देंगे! निगमायुक्त ने सेक्टर 6 के चौक-चौराहा और आवास क्षेत्रों का निरीक्षण सफाई को लेकर किया, जगह-जगह पर उन्होंने गंदगी पाई! डेंगू प्रभावित क्षेत्रों का जायजा आयुक्त ने लिया, विभिन्न पात्रों में जलजमाव एवं लार्वा की जांच उन्होंने स्वयं कई स्थानों पर की।

सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने एवं जलजमाव की स्थिति निर्मित नहीं होने देने तथा डेंगू नियंत्रण एवं रोकथाम के लिए उचित उपाय अपनाने उन्होंने जोन आयुक्त प्रीति सिंह को बीएसपी के अधिकारियों से समन्वय बनाकर कार्यवाही करने के निर्देश दिए है! निरीक्षण के दौरान मौके से उप अभियंता श्वेता महेश्वर अनुपस्थित रही।

Related Articles

Back to top button