दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

दुर्ग जिला पंचायत सीईओ सचिदानंद आलोक का हुआ स्थानांतरण, दी गई भावुक विदाई

दुर्ग। जिला पंचायत सीईओ सच्चिदानंद आलोक की पदस्थापना महासमुंद जिला पंचायत सीईओ के रूप में की गई है। इस अवसर पर जिला अधिकारियों ने उन्हें भावुक विदाई दी। उनके कार्य के संबंध में अपने संस्मरण बताते हुए कलेक्टर डाॅ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने कहा कि आलोक को जो भी कार्य दिये गये, उनका उन्होंने बहुत अच्छे से निर्वहन किया। यही वजह है कि ग्रामीण विकास की योजनाओं के क्रियान्वयन में दुर्ग जिले का प्रदर्शन उम्दा रहा है।

उन्होंने कहा कि अपने काम को बखूबी अंजाम देने के साथ ही वो घर-परिवार के लिए भी पूरी तरह समर्पित रहे। उन्होंने कहा कि अभी एक इंडियन टीवी सीरीज आई थी फैमिली मैन, उनके परिवार के प्रति समर्पण को देखते हुए मैं आलोक के लिए यही संज्ञा देता हूँ।कलेक्टर ने कहा कि पंचायत के नियमों के संबंध में आलोक की समझ विलक्षण है। मैं जब जिला पंचायत सीईओ बिलासपुर था उस वक्त भी उनसे बातचीत होती थी और मैं उनसे इन विषयों पर चर्चा करता रहता था।

इस मौके पर आलोक ने कहा कि दुर्ग जिले में काम करने का अनुभव अद्भुत रहा। यहां कलेक्टर सर के मार्गदर्शन में बहुत अच्छा काम करने का मौका मिला।जब टीम लीडर का सपोर्ट होता है तो चीजें बहुत आसान हो जाती हैं। कई बार किसी योजना के अथवा कार्यक्रम के क्रियान्वयन में किसी तरह की दिक्कत आती थी तो तुरंत सर का मार्गदर्शन मिल जाता था और समस्या आसानी से हल हो जाती थी इसलिए यहां कार्य करने का अनुभव बहुत अच्छा रहा। टीम का सपोर्ट भी बहुत मिला।

जिला स्तरीय अधिकारियों से बहुत अच्छा समन्वय रहा। इस मौके पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी खेमलाल वर्मा ने कहा कि वरिष्ठ अधिकारी होने के बावजूद अपने अधीनस्थों को भी उन्होंने पूरा सम्मान दिया और समन्वय के साथ बेहतरीन कार्य किया। ग्रामीण विकास के बेहतरीन अनुभव का उन्होंने जमीनी क्रियान्वयन किया।

हमेशा संवाद करते रहते थे जिससे समन्वय बहुत अच्छा बना रहता था। इस मौके पर दुर्ग एसडीएम विनय पोयाम ने कहा कि गौठानों के लिए भूमि के चिन्हांकन के साथ ही गौठानों के बेहतर क्रियान्वयन और ग्रामीण विकास से संबंधित अनेक कार्यों के लिए सर का मार्गदर्शन मिलता रहा। उन्होंने अपने विलक्षण अनुभव का लाभ जिले को दिया।

दुर्ग जनपद सीईओ शैलेश भगत ने भी अपना संबोधन दिया। उन्होंने कहा कि बहुत ही अच्छे माहौल में हम सबने काम किया और सर के साथ बहुत सी बातें सीखने मिली, यह पूरे जिला पंचायत परिवार के लिए अविस्मरणीय अनुभव रहा। विदाई के दौरान अपर कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना, निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, सहायक कलेक्टर हेमंत नंदनवार सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button