देश-दुनियाफीचर्ड

पूर्व क्रिकेटर दिनेश मोंगिया ने किया भाजपा प्रवेश: दो कांग्रेस विधायक सहित 16 नेताओ ने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की

चंडीगढ़ (ए)। पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। एक तरफ जहां मशहूर पूर्व इंटरनेशनल क्रिकेटर दिनेश मोंगिया की सियासत में एंट्री हुई है, तो दूसरी ओर कांग्रेस के दो मौजूदा विधायकों सहित राज्य के 16 नेताओं ने आज भारतीय जनता पार्टी (BJP) की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की है। बीजेपी के पंडित दीन दयाल मार्ग स्थित मुख्यालय में एक कार्यक्रम में इन नेताओं को पंजाब में पार्टी के चुनाव प्रभारी और केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र शेखावत एवं पार्टी के महासचिव दुष्यंत गौतम ने पार्टी में स्वागत किया। इस मौके पर पंजाब भाजपा के कई नेता मौजूद थे।

कुल 16 लोगों ने थामा बीजेपी का दामन

बता दें कि मोंगिया के साथ कांग्रेस के मौजूदा विधायक फतेह बाजवा और बलविंदर सिंह लड्डी, संगरूर के पूर्व सांसद राजदेव खालसा, शिरोमणि अकाली दल से तीन बार विधायक रह चुके गुरतेज सिंह गुड़ियाना, ईसाई नेता कमल बख्शी, पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट में अधिवक्ता मधुमीत, जगदीप सिंह ढालीवाल, बूटा सिंह ढालीवाल, जरनैल सिंह, प्रवीण देओल, प्रदीप सिंगला, विकी भांगला, गुलशन कुमार, जगजीत सिंह और सुखविंदर सिंह ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। बता दें कि फतेह जंग बाजवा को सिद्धू का करीबी नेता माना जाता रहा है।

मिल सकता है टिकट

माना जा रहा है कि बीजेपी इनमें से कई नेताओं को राज्य विधानसभा चुनावों में टिकट दे सकती है। वहीं, दिनेश मोंगिया के इंटरनेशनल क्रिकेट करियर की बात करें, तो मोंगिया साल 2001 से 2007 के दौरान 6 साल तक टीम इंडिया का हिस्सा रहे हैं।

उन्होंने 57 एकदिवसीय मैच खेले जिनमें से गुवाहाटी में जिम्बाब्वे के खिलाफ खेले गए मुकाबले में एक शतक और अन्य मैचों में 4 अर्धशतक लगाये थे। इंटरनेशनल वनडे मैचों में उनके नाम 1230 रन दर्ज हैं। इसके अलावा उन्होंने 14 विकेट भी लिये थे। वो 2003 में विश्व कप क्रिकेट टीम का भी हिस्सा थे।

Related Articles

Back to top button