देश-दुनियाफीचर्ड

निर्मला सीतारमण के बजट के बाद पीएम मोदी की प्रतिक्रिया- बजट का महत्वपूर्ण पहलू गरीबों का कल्याण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्र सरकार के आम बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह बजट गरीबों का बजट है. उन्होंने कहा कि इस बजट से युवाओं को काफी मदद मिलेगी. उन्होंने इस जनोपयोगी बजट के लिए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और उनकी पूरी टीम को बधाई दी है…

 

नईदिल्ली (ए)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के आम बजट पेश करने के बाद कहा कि यह बजट गरीबों के कल्याण का बजट है. यह 100 साल की भयंकर आपदा के बीच विकास का नया विश्वास लेकर आया है. यह बजट अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ ही सामान्य मानवी के लिए अनेक नये अवसर पैदा करेगा. यह बजट अधिक से अधिक इंफ्रास्ट्रक्चर, इन्वेस्टमेंट, ग्रोथ और नौकरियों की नयी संभावनाओं से भरा हुआ है।

ग्रीन जॉब का क्षेत्र खुलेगा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि इससे ग्रीन जॉब का भी क्षेत्र और खुलेगा. हर गरीब के पास पक्का घर हो, नल से जल आता हो, उसके पास शौचालय हो, गैस की सुविधा हो, इन सभी पर विशेष ध्यान दिया गया है. इसके साथ ही आधुनिक इंटरनेट कनेक्टिविटी पर भी उतना ही जोर है। पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, नॉर्थ ईस्ट, ऐसे क्षेत्रों के लिए पहली बार देश में पर्वतमाला योजना शुरू की जा रही है।

पांच राज्यों में गंगा किनारे नैचुरल फॉर्मिंग को प्रोत्साहन मिलेगा

प्रधानमंत्री ने कहा कि ये योजना पहाड़ों पर ट्रांसपोर्टेशन की आधुनिक व्यवस्था का निर्माण करेगी. बजट में भारत के कोटि-कोटि जनों की आस्था, मां गंगा की सफाई के साथ-साथ किसानों के कल्याण के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है. उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, इन पांच राज्यों में गंगा किनारे, नैचुरल फॉर्मिंग को प्रोत्साहन दिया जायेगा।

निर्मला सीतारमण को प्रोग्रेसिव बजट के लिए बधाई दी

प्रधानमंत्री ने आम बजट के लिए वित्त मंत्रालय को बधाई देते हुए कहा कि मैं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण जी और उनकी पूरी टीम को इस पीपल फ्रेंडली और प्रोग्रेसिव बजट के लिए बहुत-बहुत बधाई देता हूं. इस बजट में क्रेडिट गारंटी में रिकॉर्ड वृद्धि के साथ ही कई अन्य योजनाओं का ऐलान किया गया है. डिफेंस के कैपिटल बजट का 68 परसेंट डोमेस्टिक इंडस्ट्री को रिजर्व करने का भी बड़ा लाभ, भारत के एमएसएमई सेक्टर को मिलेगा।

बुधवार को 11 बजे आयेगी पीएम मोदी की प्रतिक्रिया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी ने मुझे आम बजट पर बोलने के लिए आमंत्रित किया है. मैं कल बुधवार को सुबह 11 बजे इस पर विस्तार से चर्चा करूंगा. बता दें कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज आम बजट पेश किया, जिसमें आय कर स्लैब में किसी भी प्रकार बदलाव नहीं किया गया है. 400 नयी वंदे भारत ट्रेन चलाने की घोषणा की गयी है।

Related Articles

Back to top button