देश-दुनियाफीचर्डविविध

मोदी सरकार दे रही सस्ता सोना खरीदने का मौका: 28 फरवरी से करें आवेदन, चेक करें कीमत समेत अन्य डिटेल

भारतीय रिजर्व बैंक ने शुक्रवार को कहा कि गोल्ड बॉन्ड योजना 2021-22 की 10 वीं किस्त सब्सक्रिप्शन के लिए 28 फरवरी से 4 मार्च तक खुली रहेगी…

नईदिल्ली (ए)। अगर आप सोने में निवेश करना चाहते हैं तो आपके पास शानदार मौका आ रहा है। दरअसल, सरकारी गोल्ड बॉन्ड योजना 2021-22 के लिए इश्यू प्राइस 5,109 रुपये प्रति ग्राम तय किया गया है। इसमें निवेश के लिये सोमवार से आवेदन दिया जा सकता है। भारतीय रिजर्व बैंक ने शुक्रवार को कहा कि गोल्ड बॉन्ड योजना 2021-22 की 10 वीं किस्त सब्सक्रिप्शन के लिए 28 फरवरी से 4 मार्च तक खुली रहेगी।

केंद्रीय बैंक ने क्या कहा? 
केंद्रीय बैंक ने शुक्रवार को एक बयान में कहा, “गोल्ड बॉन्ड का आधार मूल्य 5,109 रुपये प्रति ग्राम होगा।” सरकार ने आरबीआई के साथ परामर्श के बाद ऑनलाइन आवेदन करने वाले निवेशकों को 50 रुपये प्रति ग्राम की छूट देने का फैसला किया है। इनके लिए उन्हें डिजिटल माध्यम से भुगतान करना होगा। आरबीआई ने कहा, “ऑनलाइन भुगतान करने वाले निवेशकों के लिए गोल्ड बॉन्ड का निर्गम मूल्य 5,059 रुपये प्रति ग्राम होगा।”

कहां से खरीदें गोल्ड बॉन्ड? 
स्वर्ण बॉन्ड योजना 2021-22 की नौवीं किस्त दस से 14 जनवरी तक अभिदान के लिए खुली थी और इस दौरान निर्गम मूल्य 4,786 प्रति ग्राम सोना था। भारतीय रिजर्व बैंक भारत सरकार की ओर से बॉन्ड जारी करेगा। केंद्रीय बैंक के अनुसार ये बॉन्ड स्टॉक होल्डिंग कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (एसएचसीआईएल), नामित डाकघरों और एनएसई तथा बीएसई जैसे मान्यता प्राप्त शेयर बाजारों के जरिए बेचे जाएंगे।

कौन कर सकता है आवेदन?
योजना के तहत आम निवेशक न्यूनतम एक ग्राम सोना और अधिकतम चार किलो ग्राम सोना के लिये निवेश कर सकते हैं। हिंदु अविभाजित परिवार चार किलो और न्यास तथा इसी प्रकार की इकाइयां प्रत्येक वित्त वर्ष में 20 किलो के लिये आवेदन कर सकती हैं।

Related Articles

Back to top button