देश-दुनियाफीचर्ड

विधायक ने थानेदार की कुर्सी पर बैठकर लगाई उसकी क्लास, वायरल वीडियो पर नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री को घेरा, कहा- सरकार नही यहां सर्कस चल रहा

विधायक का एक वीडियो सोशल मीडिय पर जमकर वायरल हो रहा है जिसमें विधायक थानेदार की कुर्सी पर बैठकर उन्हें हड़काते दिख रहे हैं। इसे लेकर तेजस्वी ने सीएम को घेरा…

दरभंगा (ए)। बिहार के दरभंगा जिले के केवटी से विधायक मुरारी मोहन झा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह वीडियो तूल पकड़ रहा है क्योंकि विधायक ने ना केवल दबंगई दिखाई बल्कि थानेदार की कुर्सी पर बैठकर एसएचओ की जमकर क्लास लगाई। उनके इस आचरण को पद और मर्यादा के खिलाफ माना जा रहा है। इस वीडियो को लेकर अब नेता प्रतिपक्ष और राजद नेता तेजस्वी ने नीतीश सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने अपने ट्विटर अकाउंट से वीडियो शेयर करते हुए लिखा, बिहार में एनडीए सरकार नहीं सर्कस चल रहा है।

तेजस्वी ने विधायक के दबंग रवैये पर तंज कसते हुए कहा, ‘मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को यह हस्तक्षेप पसंद है। भाजपा विधायक दबंगई से थानेदार की कुर्सी पर बैठकर मुख्यमंत्री के अधीन गृह विभाग के कारनामों, माफियाओं एवं अपराधियों से सांठगांठ का हिस्सा व हिसाब लेने के लिए केस डायरी की मांग करने लगे। बिहार में एनडीए की सरकार नहीं सर्कस चल रहा है।’

विधायक ने थानेदार को हड़काया- बताया जा रहा है कि बीजेपी विधायक का यह वीडियो 3-4 दिन पुराना है। विधायk मुरारी मोहन झा ना केवल थानेदार शिव कुमार यादव की कुर्सी पर बैठ गए बल्कि उन्होंने थानेदार को हड़काया भी। दबंग स्टाइल में वह स्टेशन डायरी मांग रहे हैं। इसपर एसएचओ कहते हैं कि स्टेशन डायरी मीडिया में दिखाने की चीज नहीं होती है। इस बात पर विधायक स्टाफ को हड़काते नजर आते हैं। बता दें कि विधायक दो लड़कों की पिटाई की घटना से काफी नाराज थे। इसे लेकर ही वह थाने पहुंचे थे। हालांकि थानाध्यक्ष युवकों की पिटाई से इनकार करते रहे।

वायरल वीडियो में क्या बोले विधायक- वायरल वीडियो में दिख रहा है कि विधायक थानेदार की कुर्सी पर बैठे हुए हैं। वे थानेदार से कहते हैं कि स्टेशन डायरी लेकर आइए, हम बैठे हुए हैं यहां। प्रेस वाले लोग भी हैं देखेंगे। जवाब में एसएचओ कहते हैं कि स्टेशन डायरी प्रेस को दिखाने की चीज नहीं होती है। इसपर विधायक कहते हैं कि हम देखेंगे स्टेशन डायरी, कोई कांड होता है तो उसकी एंट्री थाने में होती है या नहीं। जवाह में थानेदार कहते हैं कि होता है सर। फिर विधायक कहते हैं कि तो लाइए स्टेशन डायरी हमारे पास, कोई दिक्कत है क्या। कौन है मैनेजर यहां का। जवाब में एसएचओ कहते हैं कोई नहीं है सर।

Related Articles

Back to top button